एसपी त्रिलोक बंसल ने शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर वीर जवानों को किया नमन, परिजनों से मिलकर जाना कुशलक्षेम
ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया
थान खम्हरिया,पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर प्रथम वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, भिलाई परिसर में गरिमामय एवं भावपूर्ण श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान देश की आंतरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था एवं नागरिकों की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिस जवानों को श्रद्धासुमन अर्पित कर नमन किया गया। उपस्थित अधिकारियों ने शहीदों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण को याद करते हुए उनके बलिदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
समारोह में पुलिस अधीक्षक बेमेतरा श्री त्रिलोक बंसल (भा.पु.से.) ने शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर वीर जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने राष्ट्र एवं समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सपूतों के साहस, त्याग और कर्तव्य के प्रति अटूट निष्ठा को पुलिस बल की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि देश और समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर जवान सदैव हमारे प्रेरणास्रोत रहेंगे। उनका सर्वोच्च बलिदान पुलिस बल के प्रत्येक सदस्य को निष्ठा, साहस और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता रहेगा।

21 अक्टूबर को मनाया जाता है पुलिस स्मृति दिवस
उल्लेखनीय है कि 21 अक्टूबर 1959 को भारत-तिब्बत सीमा क्षेत्र में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 10 जवानों ने मातृभूमि की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का बलिदान दिया था। उन वीर जवानों की स्मृति में प्रतिवर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। यह दिन उन सभी पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि देने का अवसर है, जिन्होंने देश की एकता, अखंडता और नागरिकों की सुरक्षा के लिए कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राण न्योछावर कर दिए।
समारोह में 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक देशभर में कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए 154 वीर पुलिस जवानों को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। उनके अदम्य साहस, शौर्य और राष्ट्रभक्ति को नमन करते हुए देश की सुरक्षा, शांति और नागरिकों की रक्षा के प्रति उनके योगदान को स्मरण किया गया।
शहीद जवानों के परिजनों से की आत्मीय मुलाकात
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री त्रिलोक बंसल ने शहीद जवानों के परिजनों से आत्मीय मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने परिजनों से संवाद कर उनकी भावनाओं, समस्याओं एवं आवश्यकताओं को संवेदनशीलता से समझा। इस दौरान शहीद परिवारों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए राष्ट्र की सुरक्षा के लिए वीर जवानों द्वारा दिए गए सर्वोच्च बलिदान को नमन किया गया।
पुलिस स्मृति दिवस का यह आयोजन शहीद जवानों के त्याग, शौर्य और कर्तव्यनिष्ठा को स्मरण करने के साथ-साथ उनके आदर्शों पर चलते हुए जनसेवा एवं राष्ट्र की सुरक्षा के प्रति समर्पित रहने का संदेश देता है।



