Home छत्तीसगढ़ रायपुर एवं दुर्ग सहित मंडल के 36 रेलवे स्टेशनों एवं 07 रेलवे...

रायपुर एवं दुर्ग सहित मंडल के 36 रेलवे स्टेशनों एवं 07 रेलवे उपक्रमों में आयोजित हुआ ‘रेल जनसंवाद’ कार्यक्रम

6
0

 

रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों एवं आमजन से किया सीधा संवाद, सुझावों और शिकायतों के निराकरण के लिए दिए आवश्यक निर्देश

रायपुर-

रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुरूप दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, रायपुर मंडल में विशेष अभियान 6.0 के अंतर्गत 22 अक्टूबर 2026 को रायपुर सहित मंडल के 36 रेलवे स्टेशनों एवं 07 रेलवे उपक्रमों में एक दिवसीय ‘पैन इंडिया रेल जनसंवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य यात्रियों एवं आमजन से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को जानना तथा यात्री सुविधाओं एवं रेल सेवाओं में निरंतर सुधार करना है। विभिन्न रेलवे परिसरों में जनसंवाद गतिविधियां आयोजित की गईं।

रेल जनसंवाद का मुख्य उद्देश्य यात्रियों की अपेक्षाओं को समझना, उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी पहल करना तथा रेलवे सेवाओं को अधिक सुविधाजनक, जवाबदेह और यात्री-केंद्रित बनाना है। इस कार्यक्रम के माध्यम से आमजन की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए रेलवे की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।

मंडल रेल प्रबंधक ने यात्रियों से किया संवाद

मंडल रेल प्रबंधक श्री दयानंद ने रायपुर एवं दुर्ग रेलवे स्टेशन पर रेल जनसंवाद कार्यक्रम में भाग लेते हुए यात्रियों, युवाओं और स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने स्थित दुकानदारों से सीधे संवाद किया। उन्होंने दुकानदारों से अपनी दुकानों के सामने स्वच्छता बनाए रखने तथा कचरा नहीं फैलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने कचरे के प्रति स्वयं जिम्मेदारी लेनी चाहिए और कम से कम कचरा उत्पन्न करने वाली जीवनशैली अपनानी चाहिए।
मंडल रेल प्रबंधक ने प्लास्टिक कचरे के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्लास्टिक कचरा नालियों एवं ड्रेनेज सिस्टम को अवरुद्ध करने का प्रमुख कारण बनता है। इसलिए प्लास्टिक के उपयोग को कम करना और कचरे का उचित निस्तारण करना आवश्यक है। उन्होंने स्टेशन के प्लेटफार्म पर मौजूद यात्रियों एवं युवाओं से भी स्वच्छता के विषय में चर्चा की और उन्हें रेलवे परिसर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

यात्रियों के सुझावों एवं शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश

रेल जनसंवाद के दौरान मंडल रेल प्रबंधक श्री दयानंद ने यात्रियों की समस्याओं, सुझावों और अनुभवों को ध्यानपूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। यात्रियों को रेलवन ऐप, नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (NTES) और ट्रेन परिचालन से संबंधित उपयोगी जानकारियां भी प्रदान की गईं।
यात्रियों से यात्री सुविधाओं, स्टेशन परिसर की व्यवस्थाओं, स्वच्छता तथा अन्य रेल सेवाओं से संबंधित प्रतिक्रियाएं प्राप्त की गईं। प्राप्त सुझावों एवं शिकायतों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत दर्ज कर उनके निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री दयानंद ने कहा कि यात्रियों के सुझाव रेलवे स्टेशनों को स्वच्छ, सुविधाजनक एवं बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। यात्रियों की सक्रिय सहभागिता और सकारात्मक सुझाव रेलवे सेवाओं में निरंतर सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

प्लास्टिक मुक्त परिसर एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता

कार्यक्रम के अंतर्गत यात्रियों को सिंगल यूज प्लास्टिक एवं प्लास्टिक की थैलियों का उपयोग नहीं करने तथा इनके स्थान पर कपड़े के थैलों का उपयोग करने के लिए जागरूक किया गया। पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यात्रियों को कपड़े के थैलों का वितरण भी किया गया।
इस पहल का उद्देश्य यात्रियों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं प्लास्टिक मुक्त रेलवे परिसर के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा जनभागीदारी के माध्यम से रेलवे स्टेशनों को स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण अनुकूल बनाना है।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सुस्कर विपुल विलासराव, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री राहुल गर्ग, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर श्री समरकर सहित रायपुर रेल मंडल के अन्य अधिकारी, संबंधित स्टेशन प्रबंधक, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक, स्वास्थ्य निरीक्षक एवं रेलकर्मी उपस्थित रहे। इस अवसर पर समाजसेविका सुश्री शुभांगी आप्टे तथा स्टेशन सलाहकार समिति के सदस्य श्री महेंद्र कुमार बागडोदिया भी उपस्थित थे।
रेल जनसंवाद कार्यक्रम के माध्यम से रायपुर रेल मंडल ने यात्रियों से सीधा संपर्क स्थापित करने, उनकी समस्याओं को समझने, स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा यात्री सुविधाओं में निरंतर सुधार के लिए जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने की दिशा में पहल की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here