छ.ग.प्रांतीय अग्रवाल संगठन के चेयरमेन अशोक मोदी जी ने अपनी तथा छ.ग.प्रांतीय अग्रवाल संगठन के समस्त सदस्यों की ओर से छत्तीसगढ़ शासन द्वारा सामाजिक समरसता के संरक्षण, संवर्धन एवं समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किए जाने वाले प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय अलंकरण “महाराजा अग्रसेन सम्मान-2026” हेतु चयनित किये जाने पर बाबूलाल जी अग्रवाल को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित की है।
अशोक मोदी जी ने बताया कि श्री बाबूलाल अग्रवाल जी बहुआयामी व्यक्तित्व के धनी, कर्मठ, सेवाभावी एवं अत्यंत समर्पित समाजसेवी हैं। उन्होंने सदैव समाजहित को सर्वाेपरि रखते हुए निःस्वार्थ सेवा, समर्पण एवं सकारात्मक सोच के साथ सामाजिक दायित्वों का निर्वहन किया है। उनका कार्यक्षेत्र केवल अग्रवाल समाज तक सीमित नहीं है, बल्कि वे सर्वसमाज के उत्थान, सामाजिक एकता, आपसी सद्भाव एवं समरसता को सुदृढ़ बनाने के लिए भी निरंतर सक्रिय रहते हैं। उनके प्रयासों से समाज के विभिन्न वर्गों को लाभ मिला है तथा सामाजिक एवं रचनात्मक गतिविधियों को नई दिशा और प्रेरणा प्राप्त हुई है।
उन्होने कहा कि किसी भी व्यक्ति के वर्षों के निःस्वार्थ सेवाभाव, समर्पण और समाज के प्रति प्रतिबद्धता का जब शासन स्तर पर सम्मान होता है, तो वह केवल उस व्यक्ति का सम्मान नहीं, बल्कि उससे जुड़े समस्त समाज और संगठन के लिए भी गौरव का क्षण बन जाता है। श्री बाबूलाल अग्रवाल जी को प्राप्त यह सम्मान उनके सतत सामाजिक योगदान, सेवा भावना एवं समर्पित कार्यशैली का सम्मान है।
मोदी जी ने विश्वास व्यक्त किया कि श्री बाबूलाल अग्रवाल जी भविष्य में भी इसी उत्साह, निष्ठा एवं सेवाभाव के साथ सामाजिक एवं रचनात्मक कार्यों में अपना महत्वपूर्ण योगदान देते रहेंगे तथा समाज की नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे। उन्होंने पुनः इस उपलब्धि पर उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान संपूर्ण अग्रवाल समाज के लिए गर्व, गौरव एवं हर्ष का विषय है।




