भाजपा के राष्ट्रीय संगठन ने सौंपी जिम्मेदारी, 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों में निभाएंगे अहम भूमिका
ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया
थान खम्हरिया। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय संगठन द्वारा उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के तहत छत्तीसगढ़ के भाजपा कार्यकर्ताओं को उत्तर प्रदेश में विस्तारक के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं। इसी क्रम में बेमेतरा जिले के साजा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोपालपुर निवासी एवं भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला प्रवक्ता दौलत नाथ योगी को उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले की ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 183 का विस्तारक नियुक्त किया गया है।
इस महत्वपूर्ण दायित्व से पूर्व 31 अक्टूबर से 1 नवंबर तक आयोजित दो दिवसीय विस्तारक प्रशिक्षण वर्ग में दौलत नाथ योगी ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण वर्ग के प्रथम दिवस भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, राष्ट्रीय मंत्री एवं सह-प्रभारी प्रदीप वर्मा तथा अभय गिरी ने आगामी चुनाव की कार्ययोजना एवं संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर मार्गदर्शन दिया। वहीं दूसरे दिन राज्यसभा सांसद एवं पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल तथा प्रदेश उपाध्यक्ष बृज बहादुर सहित वरिष्ठ पदाधिकारियों का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
प्रशिक्षण वर्ग के दौरान दौलत नाथ योगी ने भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, राष्ट्रीय मंत्री एवं सह-प्रभारी प्रदीप वर्मा तथा राज्यसभा सांसद प्रकाश पाल से आत्मीय भेंट-मुलाकात भी की।
नियुक्ति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए दौलत नाथ योगी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने उनके जैसे सामान्य कार्यकर्ता पर जो विश्वास जताया है, उसके लिए वे पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के आभारी हैं। उन्होंने कहा कि आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र में प्रवास कर बूथ सशक्तिकरण, जनसंपर्क और संगठन को मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करेंगे।
दौलत नाथ योगी को मिली इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी से क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में हर्ष का माहौल है।




