पारंपरिक छत्तीसगढ़ी वेशभूषा में विद्यालय पहुंचे बच्चे, छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा-अर्चना कर किया नमन
ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया
थान खमरिया। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर शिवम पब्लिक स्कूल, थान खमरिया में हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के बच्चे आकर्षक पारंपरिक छत्तीसगढ़ी वेशभूषा धारण कर विद्यालय पहुंचे। बच्चों के पारंपरिक परिधानों से पूरा विद्यालय परिसर छत्तीसगढ़ी संस्कृति और लोकपरंपराओं के रंग में रंगा नजर आया।
कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा-अर्चना एवं वंदना के साथ किया गया। इस दौरान बच्चों ने पारंपरिक वेशभूषा के माध्यम से छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोकपरंपराओं और गौरवशाली पहचान को प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों में अपनी माटी, संस्कृति और प्रदेश के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना जागृत करने का संदेश दिया गया।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना ही नहीं, बल्कि बच्चों को अपनी संस्कृति, परंपराओं और मातृभूमि के महत्व से परिचित कराना भी है। ऐसे आयोजनों से बच्चों में अपनी सांस्कृतिक विरासत के प्रति लगाव और सामाजिक मूल्यों का विकास होता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने छत्तीसगढ़ महतारी को नमन करते हुए प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जय छत्तीसगढ़! जय छत्तीसगढ़ महतारी!




