नगर के विभिन्न वार्डों में धूमधाम से निभाई गई भगवान शिव-पार्वती के विवाह की परंपरा, पांच दिनों तक चला धार्मिक आयोजन
ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया
थान खमरिया। नगर एवं आसपास के ग्रामीण अंचलों में दीपावली पर्व के अवसर पर गौरा-गौरी उत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। नगर के विभिन्न वार्डों एवं मोहल्लों में भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह की परंपरा निभाई गई। पांच दिनों तक चले इस धार्मिक आयोजन के समापन पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर गौरा-गौरी की प्रतिमाओं की शोभायात्रा निकाली गई और गाजे-बाजे के साथ विसर्जन किया गया।

दीपावली की रात गौरा-गौरी विवाह की पारंपरिक रस्में शुरू हुईं। इसके बाद चार से पांच दिनों तक विवाह की विभिन्न रस्में निभाई गईं। इस दौरान मोहल्ले में भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। गौरा-गौरी विवाह देखने के लिए बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी एकत्रित हुए। शोभायात्रा में महिला, पुरुष एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
यह आयोजन मुख्य रूप से मोहल्लेवासियों के आपसी सहयोग से किया जाता है, जिसमें सभी लोग बढ़-चढ़कर अपनी सहभागिता निभाते हैं। गौरा-गौरी उत्सव केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक ही नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूत करने का माध्यम भी है। इस अवसर पर भगवान शिव एवं माता पार्वती की पूजा-अर्चना कर नगर और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की गई।
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार गौरा-गौरी पर्व भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह तथा उनके पुनर्मिलन की खुशी में मनाया जाता है। यह पर्व छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति और पारंपरिक रीति-रिवाजों का महत्वपूर्ण हिस्सा है।



