एक टक्कर ने उजाड़ दिए दो परिवार, हादसे के बाद क्षेत्र में पसरा मातम
ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया
थान खम्हरिया। नगर से लगभग तीन किलोमीटर दूर बनिया चौक के पास मंगलवार को भीषण सड़क दुर्घटना में बाइक सवार चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतक बनराका गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। इस दर्दनाक हादसे ने दो परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटना इतनी भीषण थी कि टक्कर के प्रभाव से मोटरसाइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे। सूचना मिलते ही थान खम्हरिया पुलिस एवं रणवीरपुर पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों के सहयोग से घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र थान खम्हरिया पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान भूपेन कश्यप, रितु कश्यप एवं पंकज कश्यप के रूप में हुई है, जबकि चौथे मृतक की पहचान की जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया है।
हादसे की दुखद खबर बनराका गांव पहुंचते ही परिवारों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक का माहौल छा गया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।




