15 नवंबर से शुरू होगी समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, 10 नवंबर से किसानों के लिए टोकन जारी करने की प्रक्रिया प्रारंभ
ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया
थान खम्हरिया, । खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारियां जोरों पर हैं। इसी कड़ी में कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने डूंडा एवं देवरबीजा धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने किसानों की सुविधा के लिए की जा रही तैयारियों की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्देश दिए कि धान खरीदी केंद्रों में किसानों के लिए पेयजल, छाया एवं बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को टोकन प्राप्त करने से लेकर धान विक्रय तक किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके साथ ही धान की व्यवस्थित तौल, गुणवत्ता जांच तथा खरीदी से जुड़ी अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का शुभारंभ 15 नवंबर 2026 से होने जा रहा है। किसानों की सुविधा और खरीदी प्रक्रिया को सरल बनाने के उद्देश्य से 10 नवंबर से ही टोकन जारी करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
कलेक्टर ने अधिकारियों को शासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए धान खरीदी कार्य को पारदर्शी, सुचारू एवं किसान हितैषी तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।




