रायपुर। सामाजिक एकता, आपसी सौहार्द और पारिवारिक आत्मीयता की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए अग्रवाल सभा कचना विधानसभा मोहल्ला समिति, रायपुर द्वारा रविवार, 15 नवंबर 2026 को भव्य दीपावली स्नेह मिलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है। समारोह लोटस रिसोर्ट, रिंग रोड नंबर 3 (सफायर ग्रीन के पीछे) में शाम 5 बजे से रात्रि 9 बजे तक आयोजित होगा।
इस विशेष आयोजन में समाज के 75 वर्ष से अधिक आयु के सम्मानित बुजुर्गों का सम्मान किया जाएगा। साथ ही अग्रवाल सभा, महिला मंडल, युवा मंडल एवं युवती मंडल के सक्रिय कार्यकर्ताओं को उनके सामाजिक योगदान, समर्पण एवं संगठन के प्रति सक्रिय सहभागिता के लिए सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम में भजन, डीजे, मनोरंजक गेम्स, सामाजिक मिलन एवं चटपटे व्यंजनों से युक्त स्नेह भोज विशेष आकर्षण रहेंगे। आयोजन का उद्देश्य समाज के सभी परिवारों को एक मंच पर जोड़ना, वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान का भाव प्रकट करना तथा नई पीढ़ी को सामाजिक गतिविधियों से जोड़ना है।
महिला मंडल की संयोजिका श्रीमती मिरु हरलालका ने कहा कि इस कार्यक्रम को बड़े ही हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ संपन्न किया जाएगा। समाज के वरिष्ठजनों का सम्मान करना हम सभी के लिए गौरव की बात है। बुजुर्गों का अनुभव, मार्गदर्शन और आशीर्वाद समाज की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने समाज के सभी परिवारों से सपरिवार उपस्थित होकर समारोह की गरिमा बढ़ाने एवं आयोजन को सफल बनाने की अपील की।
आयोजन समिति की ओर से विशेष अनुरोध किया गया है कि 75 वर्ष से अधिक आयु के जिन बुजुर्गों का सम्मान किया जाना है, उनके नाम प्रतीक अग्रवाल को पूर्व में लिखवा दें, जिससे सम्मान की समुचित व्यवस्था की जा सके।
समारोह के आयोजन में संयोजक अशोक गोयल, सह संयोजक अजय कंसल एवं प्रतीक अग्रवाल, कोषाध्यक्ष ध्रुव अग्रवाल के साथ महिला मंडल की संयोजिका मिरु हरलालका, युवा मंडल के संयोजक विकास अग्रवाल एवं युवती मंडल की संयोजिका सोनम जिंदल की महत्वपूर्ण भूमिका है।
समिति ने समस्त अग्रबंधुओं एवं उनके परिवारजनों से सपरिवार समारोह में सम्मिलित होने का आग्रह किया है।
आयोजक – अग्रवाल सभा कचना विधानसभा मोहल्ला समिति, रायपुर।
जय श्री अग्रसेन!


