Home छत्तीसगढ़ बेमेतरा में धूमधाम से मनाया गया जनजातीय गौरव दिवस, जनजातीय संस्कृति, परंपरा...

बेमेतरा में धूमधाम से मनाया गया जनजातीय गौरव दिवस, जनजातीय संस्कृति, परंपरा और विरासत की दिखी झलक

25
0

 

सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक दीपेश साहू एवं ईश्वर साहू ने भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को किया याद, उत्कृष्ट कार्य करने वाली जनजातीय प्रतिभाओं का हुआ सम्मान

ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया

थान खम्हरिया,  । जिला मुख्यालय बेमेतरा के टाउन हॉल सिंघौरी में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस का जिला स्तरीय कार्यक्रम हर्षोल्लास, गरिमा एवं भव्यता के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपरा, विशिष्ट इतिहास और गौरवशाली विरासत की मनमोहक झलक देखने को मिली। पूरा टाउन हॉल जनजातीय लोकगीतों, लोकनृत्यों, पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुन और पारंपरिक परिधानों के रंगों से सराबोर नजर आया।

लोकनृत्य और पारंपरिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक जनजातीय रीति-रिवाजों के साथ हुआ। जनजातीय कलाकारों ने गोंडी, हल्बी, बिंझवारी सहित विभिन्न लोकनृत्यों की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। मांदर और झांझ की थाप पर कलाकारों ने ऐसा समां बांधा कि उपस्थित दर्शक भी झूम उठे। स्कूली बालिकाओं ने जनजातीय लोकगीतों पर सामूहिक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। जनजातीय महिलाओं ने पारंपरिक परिधान, आभूषण और साज-सज्जा के माध्यम से अपनी सांस्कृतिक पहचान को जीवंत किया। युवाओं ने लोककलाओं के माध्यम से जनजातीय संस्कृति की महत्ता को प्रदर्शित किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने बिरसा मुंडा के गौरव को चिरस्थाई बनाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया : सांसद लक्ष्मी वर्मा

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा के गौरवशाली इतिहास और योगदान को चिरस्थाई बनाने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने मात्र 25 वर्ष की अल्पायु में अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ ऐसा आंदोलन खड़ा किया, जिसने ब्रिटिश सत्ता की नींव हिला दी। उनका जीवन त्याग, बलिदान, संघर्ष और देशभक्ति का प्रतीक है।

जल, जंगल और जमीन के संरक्षण में जनजातीय समाज की अहम भूमिका

सांसद श्रीमती वर्मा ने कहा कि जनजातीय समुदाय का इस भारत भूमि पर सदियों से अधिकार रहा है। जनजातीय समाज देश की मूल सांस्कृतिक धरोहर है, जिसने हमेशा जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के लिए संघर्ष किया है। प्रकृति की रक्षा करना जनजातीय समाज के जीवन दर्शन का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की सांस्कृतिक विरासत और परंपराएं अतुलनीय हैं। देश के अलग-अलग क्षेत्रों में जनजातीय समाज की अपनी विशिष्ट परंपराएं हैं, लेकिन सभी भारत की एकता और अखंडता के लिए समर्पित हैं। यही विविधता में एकता भारत की वास्तविक ताकत है।

भगवान बिरसा मुंडा ने शोषण के खिलाफ फूंका था आजादी का बिगुल

सांसद ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी शासन और शोषण के विरुद्ध संघर्ष करते हुए आदिवासी समाज को संगठित किया तथा उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने उलगुलान आंदोलन का आह्वान कर अन्याय और शोषण के खिलाफ आवाज बुलंद की। छत्तीसगढ़ के जनजातीय क्रांतिकारियों का भी स्वतंत्रता संग्राम और अपनी मातृभूमि की रक्षा में उल्लेखनीय योगदान रहा है। बस्तर के महान क्रांतिकारी गेंदसिंह, शहीद वीर नारायण सिंह और गुंडाधुर जैसे वीरों का बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बस्तर से नक्सलवाद को जड़ से समाप्त करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अब बस्तर में विकास, शांति और विश्वास का नया दौर शुरू हो रहा है। केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा जनजातीय समाज के समग्र विकास के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, आवास, रोजगार और कौशल विकास के क्षेत्र में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने सभी से जनजातीय संस्कृति, परंपरा और विरासत को सुरक्षित रखने में अपना योगदान देने का आह्वान किया।

जनजातीय समाज का इतिहास बलिदान, शौर्य और देशभक्ति का रहा है : विधायक दीपेश साहू

बेमेतरा विधायक श्री दीपेश साहू ने कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास बलिदान, शौर्य और देशभक्ति से परिपूर्ण रहा है। स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय वीरों ने अंग्रेजों के खिलाफ जो संघर्ष किया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। छत्तीसगढ़ के शहीद वीर नारायण सिंह जैसे महापुरुषों का योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज ने सदैव जल, जंगल, जमीन और अपनी संस्कृति की रक्षा के लिए संघर्ष किया है। यही उनकी विशिष्ट पहचान है।

भगवान बिरसा मुंडा का संपूर्ण जीवन आदिवासी गौरव और स्वाभिमान के लिए समर्पित रहा : विधायक ईश्वर साहू

साजा विधायक श्री ईश्वर साहू ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का संपूर्ण जीवन आदिवासी गौरव, स्वाभिमान और अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने जनजातीय समाज को संगठित कर अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया और जल, जंगल, जमीन की रक्षा का संदेश दिया। उनका संघर्ष और बलिदान समाज के लिए सदैव प्रेरणादायक रहेगा।

कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने दी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी

कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने कार्यक्रम में जनजातीय समाज के कल्याण एवं उत्थान के लिए संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि शासन की प्रत्येक योजना का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने बताया कि जनजातीय विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति, छात्रावास, आश्रम शालाएं, एकलव्य विद्यालय, कौशल विकास, स्वरोजगार, वन अधिकार पट्टा, आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना एवं जल जीवन मिशन सहित अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

कलेक्टर ने भगवान बिरसा मुंडा को महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बताते हुए कहा कि उन्होंने अपने साहस और संघर्ष से आजादी की लड़ाई में अमूल्य योगदान दिया। वे जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, विरासत और परंपरा के गौरवशाली प्रतीक हैं।

समाज को गौरवान्वित करने वाली प्रतिभाओं का हुआ सम्मान

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण जनजातीय समाज की प्रतिभाओं का सम्मान समारोह रहा। शिक्षा, खेल, कला, संस्कृति, समाजसेवा, शासकीय सेवा और कृषि के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जनजातीय युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों एवं समाजसेवियों को शाल, श्रीफल, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया।

सम्मान प्राप्त करने पर प्रतिभाओं के चेहरों पर गर्व और खुशी दिखाई दी। उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया। आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार के सम्मान समारोह से समाज के अन्य युवा भी प्रेरित होंगे और सकारात्मक बदलाव की दिशा में आगे बढ़ेंगे।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं समाज के लोगों ने जनजातीय गौरव, सामाजिक एकता और देश की अखंडता की रक्षा का संकल्प लिया।

ये रहे उपस्थित

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ रजककार बोर्ड के अध्यक्ष श्री प्रहलाद रजक, अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य श्री दयावंत धर बांधे, पूर्व विधायक श्री अवधेश चंदेल, आदिवासी समाज के अध्यक्ष श्री मुरीत मंडावी, वरिष्ठ नागरिक श्री दिनेश नेताम, श्री एच.आर. ध्रुव, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री राजेंद्र शर्मा, जिला प्रशासन के अधिकारी एवं आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त श्री अभय जायसवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं जनजातीय समाज के लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पुलिस प्रशासन की व्यवस्थाएं भी सराहनीय रहीं। जनजातीय समाज के लोगों ने आयोजन की भव्यता एवं सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here