16 जोड़ी बैलों को गौसेवकों ने थाने के सुपुर्द किया, पशु चिकित्सक से परीक्षण और दस्तावेजों की जांच के बाद कृषि कार्य के लिए खरीदी-बिक्री का मामला निकला
ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया
थान खम्हरिया, बेमेतरा जिले में मवेशियों के अवैध परिवहन और तस्करी की घटनाओं को लेकर लगातार सतर्कता बरती जा रही है। हाल ही में साजा, बेरला और आसपास के क्षेत्रों में पशु तस्करी के मामलों का खुलासा होने के बाद गौसेवक और स्थानीय संगठन भी सक्रिय हैं। इसी क्रम में सोमवार सुबह करीब 5 बजे नदी के समीप गौसेवक गणेश वैष्णव एवं प्रियांशु राजपूत ने संदेह के आधार पर 16 जोड़ी बैलों को पकड़कर पूछताछ की और बाद में उन्हें पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
गौसेवकों को आशंका थी कि बैलों को कट्टीपार ले जाया जा रहा है। उनके अनुसार, पशु काफी समय से भूखे-प्यासे थे और करीब 12 घंटे से खाने-पीने की व्यवस्था के बिना खड़े थे। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पशुओं के परिवहन संबंधी दस्तावेजों की जांच की तथा पशु चिकित्सा विभाग को परीक्षण के लिए सूचना दी।

थाना प्रभारी सत्यदेव उपाध्याय ने बताया कि अवैध पशु परिवहन और पशुओं के प्रति क्रूरता के मामलों पर पुलिस लगातार नजर रख रही है। गौसेवकों द्वारा सुपुर्द किए गए 16 जोड़ी बैलों के संबंध में जांच की गई। दस्तावेजों के अवलोकन और पशु चिकित्सक से परीक्षण के बाद यह स्पष्ट हुआ कि मामला कृषि कार्य के लिए बैलों की खरीदी-बिक्री से संबंधित है। उन्हें अवैध रूप से कट्टीपार ले जाने की पुष्टि नहीं हुई। आवश्यक जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद बैलों को उनके मालिकों के सुपुर्द कर दिया गया।
बताया गया कि बैलों को सौंगा, भाटापारा, बलौदाबाजार एवं आसपास के क्षेत्रों की ओर ले जाया जा रहा था। इस मामले में मनोहर, मेरी, तिलकराम वर्मा एवं शिवकुमार दरिया सहित संबंधित लोगों के दस्तावेजों की जांच की गई।
इस घटना के बाद क्षेत्र में गोवंश के परिवहन को लेकर सतर्कता और निगरानी की आवश्यकता एक बार फिर सामने आई है। वहीं पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पशुओं के अवैध परिवहन अथवा उनके साथ क्रूरता की शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




