विधायक ईश्वर साहू ने किया प्रतियोगिता का शुभारंभ, विभिन्न महाविद्यालयों के खिलाड़ी दिखाएंगे अपनी प्रतिभा
ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया
थान खम्हरिया। कुमारी देवी चौबे शासकीय कृषि महाविद्यालय साजा में आयोजित तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। शुभारंभ समारोह में साजा विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री ईश्वर साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ करते हुए सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिता में विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता में इंदिरा गांधी शासकीय महाविद्यालय रायपुर, राजनांदगांव के दो महाविद्यालयों, छुईखदान, बेमेतरा, साजा एवं कवर्धा सहित विभिन्न महाविद्यालयों के प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।
इस अवसर पर विधायक ईश्वर साहू ने कहा कि खेल हमारे जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। खेलों से विद्यार्थियों का शारीरिक और मानसिक विकास होता है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने तथा अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत साजा के अध्यक्ष जितेंद्र साहू, नगर पंचायत साजा के अध्यक्ष हिमांशु वर्मा, ज्वाला सिंह राजपूत, नेतराम साहू, मंडल महामंत्री अरुण वर्मा, नारद देवांगन, संतोष यादव, भारती पटेल, शिव पटेल, नीलू साहू, सुरेश पटेल, छत्रपाल वर्मा, हिमांशु राजपूत, परमेश्वर वर्मा, दिलीप वर्मा, नागेश वर्मा, दीपक साहू, सरपंच सोनू वर्मा एवं त्रिलोकी साहू सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
वहीं महाविद्यालय के डीन श्री रामटेके, प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही।
तीन दिवसीय इस खेल आयोजन से विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। साथ ही विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों के बीच आपसी समन्वय, भाईचारे, सहयोग एवं खेल भावना को बढ़ावा मिलेगा।




