रायपुर । राष्ट्रीय गांड़ा महासमाज द्वारा 26 नवंबर 2026 को संविधान दिवस के पावन अवसर पर रायपुर के घड़ी चौक स्थित भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर जी की आदमकद प्रतिमा के समक्ष विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर महासमाज के पदाधिकारीगण एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा सर्वप्रथम परम पूज्य बाबासाहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। तत्पश्चात भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया जाएगा तथा संविधान के मूल आदर्शों—न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता—को अपने जीवन में आत्मसात करने एवं संवैधानिक मूल्यों की रक्षा करने का संकल्प लिया जाएगा।
राष्ट्रीय गांड़ा महासमाज के राष्ट्र युवा संगठन प्रभारी आशीष तांडी ने कहा कार्यक्रम में विशेष रूप से राष्ट्रीय गांड़ा महासमाज के संस्थापक, अधिवक्ता भगवानू नायक उपस्थित रहेंगे। आशीष तांडी ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। यह दिन भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में अत्यंत गौरवपूर्ण एवं ऐतिहासिक महत्व रखता है। भारतीय संविधान ने देश के प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, गरिमा एवं न्याय का अधिकार प्रदान करते हुए सामाजिक परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त किया है।
राष्ट्रीय गांड़ा महासमाज ने आम नागरिकों एवं सामाजिक संगठनों से भी अपील की है कि वे संविधान दिवस के अवसर पर संविधान की प्रस्तावना का वाचन करें तथा बाबा साहेब के विचारों और संवैधानिक मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लें।




