दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने हेलमेट, सीट बेल्ट और यातायात नियमों का पालन कराने चलेगा विशेष अभियान
ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया
थान खम्हरिया, जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं एवं पुलिस अधीक्षक श्री त्रिलोक बंसल ने जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में ब्लैक स्पॉट सुधारने, अवैध पार्किंग पर रोक लगाने, ओवर स्पीडिंग तथा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने कहा कि सड़क दुर्घटना केवल एक आंकड़ा नहीं होती, बल्कि उसके पीछे किसी परिवार की बड़ी क्षति छिपी होती है। इसलिए सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस और परिवहन विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि लोक निर्माण विभाग, नगरीय निकाय, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पंचायत विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को सामूहिक रूप से अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल ने जिले में पिछले महीनों में हुई सड़क दुर्घटनाओं, उनके प्रमुख कारणों एवं दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अधिकांश दुर्घटनाएं तेज गति, लापरवाही से वाहन चलाने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने तथा शराब पीकर वाहन चलाने के कारण होती हैं। उन्होंने थाना प्रभारियों एवं यातायात पुलिस को निर्देशित किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध लगातार चालानी कार्रवाई की जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
बैठक में जिले के चिन्हित ब्लैक स्पॉट की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग एवं राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को दुर्घटना संभावित मोड़ों, चौराहों तथा स्कूल एवं अस्पतालों के आसपास स्पीड ब्रेकर, साइन बोर्ड, रोड मार्किंग, रिफ्लेक्टर एवं चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही खराब सड़कों, गड्ढों एवं अंधेरे वाले स्थानों पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था शीघ्र सुनिश्चित करने को कहा।
नगरीय क्षेत्रों में अवैध पार्किंग, अतिक्रमण एवं ठेलों के कारण यातायात बाधित होने की समस्या पर भी गंभीरता से चर्चा हुई। कलेक्टर ने नगर पालिका को अतिक्रमण हटाने तथा पार्किंग व्यवस्था व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। बस स्टैंड, बाजार एवं प्रमुख चौराहों पर यातायात सुगम बनाने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।
शिक्षा विभाग को विद्यालयों में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए। इसके तहत विद्यार्थियों को हेलमेट, सीट बेल्ट, जेब्रा क्रॉसिंग एवं यातायात संकेतों के महत्व की जानकारी दी जाएगी। वहीं परिवहन विभाग को स्कूली बसों की फिटनेस, चालकों के लाइसेंस तथा बसों में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को नहीं बैठाने के संबंध में नियमित जांच करने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य विभाग को सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने, 108 एम्बुलेंस की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा ट्रॉमा केयर व्यवस्था को मजबूत बनाने के निर्देश दिए गए। बैठक में गुड सेमेरिटन (नेक व्यक्ति) योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने वाले लोगों को प्रोत्साहित करने पर भी चर्चा की गई।
बैठक के अंत में कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित विभागों को सड़क सुरक्षा समिति द्वारा लिए गए निर्णयों का समय-सीमा में पालन सुनिश्चित करने तथा आगामी बैठक में कार्रवाई की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसडीएम, जिला परिवहन अधिकारी, कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




