*गोवंश के बेहतर रखरखाव एवं पोषण पर दिया जोर, 33 पशुओं का किया गया बधियाकरण*
*ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया*
*थान खम्हरिया ।* उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाएं बेमेतरा डॉ. निर्मल कुमार केडिया द्वारा शुक्रवार को श्री रामकृष्ण गौशाला का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने गौशाला में पशुओं के उचित रखरखाव एवं गौशाला परिसर को स्वच्छ रखने के संबंध में आवश्यक सुझाव एवं दिशा-निर्देश गौशाला संचालक को दिए।

निरीक्षण के दौरान डॉ. केडिया ने गौशाला में उपलब्ध निराश्रित गोवंश के स्वास्थ्य एवं उनके प्रबंधन की जानकारी ली। साथ ही मौके पर उपस्थित गोवंश का सत्यापन भी किया गया। उन्होंने पशुओं के बेहतर पोषण एवं स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए नियमित रूप से हरा चारा खिलाने तथा गौशाला परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त कृत्रिम गर्भाधान एवं बधियाकरण अभियान के अंतर्गत 33 पशुओं का बधियाकरण किया गया। इस पहल का उद्देश्य निराश्रित गोवंश के बेहतर प्रबंधन एवं पशु कल्याण को बढ़ावा देना है।
इस अवसर पर नगर पंचायत के एल्डरमैन अनिल सिंघानिया, गौतम केडिया सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।




