रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव के निर्देश पर, रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री सतीश कुमार ने आज एक वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए, आने वाले कोहरे के मौसम के लिए जोनल रेलवे और डिवीजनों की तैयारियों की समीक्षा की। इस बैठक में बोर्ड के सदस्य, जोनल रेलवे के महाप्रबंधक, मंडल रेल प्रबंधक और अन्य फील्ड अधिकारी शामिल हुए।
बैठक के दौरान, कोहरे की स्थिति में रेलगाड़ियों का परिचालन सुरक्षित और सुचारू रूप से सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न सुरक्षा उपायों और परिचालन तैयारियों पर व्यापक चर्चा की गई। मुख्य रूप से इन बिंदुओं पर ध्यान दिया गया:
1. ट्रैक पेट्रोलिंग: कोहरे के मौसम में नियमित और प्रभावी ट्रैक पेट्रोलिंग सुनिश्चित करना, जिसमें पेट्रोलमैन सभी आवश्यक सुरक्षा उपकरणों से सुसज्जित होंगे।
2. फॉग सेफ्टी डिवाइस यानी कोहरे से बचाव के उपकरण लगाना: कम दृश्यता की स्थिति में इंजन पायलटों को रेल गाड़ियों को सुरक्षित रूप से चलाने में मदद करने के लिए कोहरे से बचाव के उपकरण की उपलब्धता और उन्हें लगाने की व्यवस्था करना।
3. सिग्नल और लेवल क्रॉसिंग पर बेहतर दृश्यता: सिग्नल पर चूने के निशान और सिग्मा बोर्ड, लेवल क्रॉसिंग गेट पर चमकने वाली पट्टिया, और रेल गाड़ियों के आखिरी डिब्बों पर स्पष्ट रूप से दिखने वाली टेल लैंप और ‘एक्स’ के निशान के जरिए पर्याप्त दृश्यता सुनिश्चित करना।
4. साइनबोर्ड की दृश्यता: यह सुनिश्चित करना कि सभी साइटिंग बोर्ड और इंडिकेशन बोर्ड स्पष्ट रूप से दिखाई दें और उनका उचित रखरखाव किया जाए।
5. प्रशिक्षण और सुरक्षा जागरूकता: रेलवे कर्मचारियों को कोहरे से जुड़ी सुरक्षा सावधानियों, उपकरण खराब होने की स्थिति में काम करने के निर्देशों और संशोधित स्वचालित सिग्नलिंग प्रक्रियाओं के बारे में पर्याप्त प्रशिक्षण देना।
6. कर्मचारियों की सतर्कता: रेल गाड़ियों के संचालन और सुरक्षा से जुड़े कार्यों में लगे सभी रेलवे कर्मचारियों के बीच सतर्कता और जागरूकता को और मजबूत करना।
7. आग और धुएं का पता लगाने वाले सिस्टम: आग और धुएं का पता लगाने वाली प्र्णाली के कामकाज पर कड़ी निगरानी रखना, जिसमें पैंट्री कार में लगे सिस्टम भी शामिल हैं।
8. रात के समय निरीक्षण: अधिकारियों द्वारा नियमित रूप से रात में निरीक्षण (जिसमें फुटप्लेट निरीक्षण भी शामिल है) करना, ताकि परिचालन की तैयारियों का आकलन किया जा सके और रेलवे कर्मचारियों को सुरक्षा प्रक्रियाओं के बारे में सलाह दी जा सके।
9. ‘स्क्रैच रेक’ यानी अतिरिक्त रेक की उपलब्धता: कोहरे के कारण होने वाली बाधाओं के दौरान परिचालन में सुगमता बनाए रखने और रेल गाड़ियों की देरी को प्रबंधित करने के लिए पर्याप्त संख्या में ‘स्क्रैच रेक’ की उपलब्धता सुनिश्चित करना।
जोनल रेलवे के महाप्रबंधकों और मंडल रेल प्रबंधकों को निर्देश दिया गया है कि वे इन उपायों के कार्यान्वयन की नियमित निगरानी करें और सभी स्तरों पर इनका सख्ती से पालन सुनिश्चित करें।
भारतीय रेलवे कोहरे के मौसम में परिचालन सुरक्षा को मजबूत करने और रेल गाड़ियों का सुरक्षित, विश्वसनीय व कुशल संचालन सुनिश्चित करने के लिए व्यापक कदम उठा रही है। इसमें कर्मचारियों की तैयारियों, दृश्यता बढ़ाने और निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।




