रायपुर के तिल्दा क्षेत्र में एक गोदाम पर छापा मारकर मध्यप्रदेश से लाई गई 25.92 लीटर अवैध शराब बरामद की गई है। इसके अलावा गोदाम से शराब की रिबॉटलिंग करने वाले सामान भी मिले हैं, जिसे जब्त कर लिया गया है।
आरोपी मध्यप्रदेश से शराब मंगाकर उसे रिपैक करके महंगे दामों पर बेच रहा था। आरोपी पर छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और पूछताछ की जा रही है।
दरअसल, आबकारी विभाग को सूचना मिली कि आरोपी मोहम्मद गुलाब अंसारी मध्य प्रदेश से शराब लाता है और उसे अवैध रूप से रिबॉटलिंग कर ऊंचे दामों पर बेचता है।
गोदाम में दबिश देकर जब्त की अवैध शराब
इस सूचना पर आबकारी विभाग की टीम ने तिल्दा मोहरा रोड पर स्थित सब्जी मंडी के पास शराब आरोपी मोहम्मद गुलाब अंसारी के गोदाम पर दबिश दी। यहां टीम ने 25.92 लीटर अवैध गोवा व्हिस्की बरामद की है।
छापे के दौरान आबकारी विभाग को 144 शराब की बोतलें, 1000 ढक्कन, 100 खाली बोतलें, एक प्लास्टिक कुप्पी, और एक इलेक्ट्रिक टेस्टर भी मिले है। टीम ने बताया कि जब्त की गई अवैध शराब की कीमत 17 हजार 280 रुपये है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वो मध्यप्रदेश से शराब लाता था और उसे सिमगा में कोचियों को बेचता था।
यह कार्रवाई आबकारी आयुक्त सह प्रबंध संचालक (CSMCL) श्याम धावडे और कलेक्टर रायपुर गौरव सिंह के निर्देश पर की गई।




