रायपुर- छत्तीसगढ़ में आज मौसम में कोई खास बदलाव होने की उम्मीद नहीं है। तापमान सामान्य से कम रहेगा। कई जगहों पर बादल गरजने और बिजली गिरने जैसी एक्टिविटी दिखेगी। इसके अलावा हल्की बारिश भी हो सकती है। इसके बाद यानी 14 जून यानी कल से मानसून फिर सक्रिय हो सकता है।
मौसम विभाग ने आज दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ के 14 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 50 से 60 किमी की रफ्तार से हवा चल सकती है। बिजली गिर सकती है। कहीं-कहीं बौछारें भी पड़ सकती है। इसके अलावा उत्तर के इलाकों में कोई खास बदलाव नहीं होंगे। मौसम सामान्य रहेगा। बारिश की एक्टिविटी अभी लोकल सिस्टम की वजह से हो रही है।
बस्तर में अटका मानसून
पिछले कुछ दिनों से बस्तर में अटका मानसून दो दिनों में आगे बढ़ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार इसके लिए फेवरेबल कंडीशन बन रहे हैं। ऐसा होता है तो 16 या 17 जून तक मानसून के रायपुर पहुंचने के आसार बनते हुए दिख रहे हैं। पिछले दिनों हुई बारिश भी लोकल सिस्टम की वजह से हुई थी।




