रायपुर। एनएसयूआई की बैठक के दौरान छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज का आई-फोन चोरी हो जाना अब सियासी मुद्दा बन गया है। खुद वन मंत्री केदार कश्यप ने इस पर बड़ा बयान देते हुए सवाल उठाए हैं – क्या ये सिर्फ चोरी है या अंदरखाने कोई साजिश चल रही है? केदार कश्यप ने कहा कि दीपक बैज को साफ करना चाहिए कि आखिर उनकी जासूसी कौन कर रहा है? क्या कांग्रेस के ही किसी नेता पर उन्हें शक है? अगर उन्हें भूपेश बघेल या टीएस सिंहदेव पर भी शक है, तो उसे सामने लाना चाहिए। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि यदि मोबाइल में कोई ऐसा राज छिपा है, जिसे कांग्रेस के अपने लोग जानना चाहते हैं, तो जरूर कुछ बड़ा मामला है। यदि ये राज बाहर आए तो कांग्रेस की हालत और भी खराब हो सकती है। केदार कश्यप ने भरोसा दिलाया कि यदि दीपक बैज सामने आकर खुलासा करें, तो सरकार हरसंभव मदद करेगी ताकि उनका मोबाइल उन्हें सुरक्षित वापस मिल सके। यह सिर्फ एक मोबाइल चोरी का मामला नहीं, बल्कि कांग्रेस के अंदरूनी मतभेद और आपसी अविश्वास की झलक भी दिखा रहा है।




