जैजैपुर से कांग्रेस विधायक बालेश्वर साहू को चांपा पुलिस ने गिरफ्तार किया है, हालांकि मामला जमानतीय होने के कारण उन्हें मुचलके पर रिहा कर दिया गया है।
जैजैपुर से कांग्रेस विधायक बालेश्वर साहू को चांपा पुलिस ने गिरफ्तार किया है, हालांकि मामला जमानतीय होने के कारण उन्हें मुचलके पर रिहा कर दिया गया है। विवाद उनके पड़ोसी से एसी यूनिट लगाने को लेकर हुआ था, जो देखते ही देखते हाथापाई और धमकी तक पहुँच गया। दरअसल, 10 जून 2025 को चांपा निवासी चंद्रशेखर राठौर ने थाने में लिखित शिकायत दी थी कि विधायक साहू ने उनके मकान की दीवार पर जबरदस्ती अपना एसी का आउटर यूनिट लगा दिया था। कई बार कहने के बावजूद इसे नहीं हटाया गया।
घटना के दिन जब शिकायतकर्ता के जीजा हेमंत राठौर ने मौके पर मौजूद मजदूरों से एसी हटाने को कहा, तो विधायक खुद मौके पर पहुंचे और परिवार से विवाद करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। जब हेमंत राठौर ने मोबाइल से पूरी घटना की रिकॉर्डिंग शुरू की, तो विधायक ने उनका मोबाइल छीनकर वीडियो डिलीट कर दी।
इतना ही नहीं, विधायक ने उन्हें थप्पड़ मारे और जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत की जांच के बाद मामला सत्य पाया गया, और चांपा थाना पुलिस ने धारा 329(4), 296, 351(2), 115(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर आरोपी विधायक को को गिरफ्तार किया गया। हालांकि मामला जमानतीय होने के कारण विधायक साहू को मुचलके पर रिहा कर दिया गया है, और गिरफ्तारी की जानकारी विधानसभा अध्यक्ष को भी भेज दी गई है।



