उड़ीसा में तबीयत बिगड़ने से ठेका कामगार की मौत के मामले में उसके परिजन सच जानना चाहते हैं। प्रशासन के पास दिए गए आवेदन के आधार पर कोरबा के रूमगरा मुक्तिधाम में तबरेज इमाम का शव मंगलवार को निकाला गया। पोस्टमार्टम के बाद इसे वापस दफनाने की कार्रवाई की गई।
बालको नगर पुलिस थाना के अंतर्गत आने वाले रूमगरा निवासी नजरे इमाम के 24 वर्षीय पुत्र तबरेज इमाम को कुछ लोगों के साथ काम करने के लिए मार्च के महीने में उड़ीसा भेजा गया था। स्थानीय ठेकेदार अरुण पाल की साइट उड़ीसा में संचालित है, जिसमें रूमगरा के लोग काम कर रहे थे। खबर के अनुसार तबरेज की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिस पर ठेकेदार ने उसके परिजनों को जानकारी दी और 19 अप्रैल को युवक की मौत हो गई।



