जांजगीर-चांपा थाना बलौदा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कोयला तौल में धांधली के एक मामले में फरार चल रहे वाहन चालक प्रदीप नारायण मधुकर को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
जांजगीर-चांपा थाना बलौदा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कोयला तौल में धांधली के एक मामले में फरार चल रहे वाहन चालक प्रदीप नारायण मधुकर को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इससे पहले इस मामले में कांटा ऑपरेटर नागेश्वर कश्यप को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
क्या है पूरा मामला?
प्रार्थी पंकज कुमार सिंह, ट्रांसपोर्ट डिवीजन मैनेजर, कोलवासरी बलौदा द्वारा दिनांक 04.01.2025 को बलौदा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी कि कांटा ऑपरेटर और कुछ वाहन चालकों की मिलीभगत से कम तौले गए कोयले की पर्ची में सही तौल दर्ज कर लगभग 5 टन कोयले की अफरा-तफरी की गई, जिसकी अनुमानित कीमत ₹24,000 बताई गई है। इस शिकायत पर थाना बलौदा में अपराध क्रमांक 04/2025, धारा 316(4), 3, 5 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
CCTV और कांटा पर्चियों ने खोली साजिश की परतें
जांच के दौरान थाना बलौदा पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संस्थान में लगे CCTV फुटेज और कांटा पर्चियों का विश्लेषण किया। इसमें यह स्पष्ट हुआ कि कांटा ऑपरेटर नागेश्वर कश्यप और दो वाहन चालकों ने मिलकर कोयले की हेराफेरी की। कांटा ऑपरेटर को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।
मुखबिर सूचना पर फरार आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे
प्रकरण में फरार आरोपी प्रदीप नारायण मधुकर (उम्र 30 वर्ष), निवासी चंदनिया, थाना बलौदा को पकड़ने के लिए पुलिस लगातार तलाश कर रही थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी के ठिकाने की घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में प्रदीप ने अपराध कबूल किया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में अन्य आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।



