कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में धर्मांतरण को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला अंतागढ़ ब्लॉक के हवाचूर गांव का है, जहां धर्मांतरित लोगों को चर्च से बाहर आते ही दौड़ा-दौड़ा कर पीटा गया। इस घटना में कई महिलाएं घायल हुईं, जिन्हें कांकेर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, 10 अगस्त की सुबह लगभग आठ धर्मांतरित परिवार चर्च में प्रार्थना के बाद घर लौटकर अपने काम में लगे थे। इसी दौरान गांव के कुछ लोगों ने उन्हें ढूंढ-ढूंढकर मारपीट शुरू कर दी। पीडि़त हितेश कुमार ने आरोप लगाया कि उनकी मां शांति बाई दर्रो के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। कुल मिलाकर 8 परिवारों के 36 लोग इस हमले का शिकार हुए। पीडि़त ताड़ोकी थाने पहुंचे, लेकिन अब तक मामला दर्ज नहीं हुआ। दहशत में रात बिताने के बाद वे 11 अगस्त की सुबह पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और कार्रवाई की मांग की।
कांकेर एसपी आईके एलिसेला ने बताया कि चर्च के मुद्दे को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। कुछ ग्रामीणों के आने की जानकारी मिली है और मामले की जांच जारी है। दोषी पाए जाने पर अपराध दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।




