रायपुर। कबीरधाम जिले के दूरस्थ और वनांचल इलाकों में रहने वाले लोगों की आखों की सुरक्ष के लिए विशेष पहल की जा रही है। आंखों की जांच और इलाज जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवा अब लोगों के घरों तक नि:शुल्क पहुंचाने के लिए मोबाइल नेत्र जांच वैन सुविधा शुरू की गई है। इस सुविधा के जरिए गांव-गांव में जाकर लोगों के आंखों से संबंधित बीमारियों का पता लगाया जाएगा और समुचित इलाज के लिए उन्हें उपर्युक्त अस्पतालों में भेजा जाएगा।
नेत्र रोग जागरूकता के उद्देश्य से बीत दिनों उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने उदयाचल संस्था द्वारा संचालित मोबाइल नेत्र जांच वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। यह मोबाइल वैन कबीरधाम जिले के वनांचल और दुर्गम क्षेत्रों में जाकर लोगों की आंखों की जांच करेगी, विशेष रूप से मोतियाबिंद जैसे रोगों की पहचान और इलाज के लिए सेवा देगी। बताया जा रहा है कि उपरोक्त सेवा लोगों को आंखों की समस्याओं के प्रति जागरूक करने और समय पर आंखों का समुचित इलाज उपलब्ध कराने के लिए शुरू किया गया है। वैन में मेडिकल स्टाफ होंगे जो ग्रामीणों की आंखों की जांच कर उचित परामर्श नि:शुल्क प्रदान करेंगे। खासकर जांच वैन सेवा के जरिए मोतियाबिंद से ग्रसित लोगों को विशेष लाभ मिलेगा। साथ ही साथ ऐसे लोग जो आंखों की छोटी समस्याओं को नजरअंदाज कर देते हैं, जो आगे जाकर गंभीर स्थिति ले सकती है, उनलोगों के लिए यह सेवा वरदान साबित होगी।
इस सेवा के संबंध में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना सरकार की प्राथमिकता है। मोबाइल वैन जिले के उन क्षेत्रों तक पहुंचेगी, जहां स्वास्थ्य सुविधाएं आसानी से नहीं पहुंच पातीं। यह कदम नेत्र स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक बड़ी पहल है, जिससे लोगों को समय पर जांच और इलाज का लाभ मिलेगा।
वहीं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भी इसे एक सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि यह मोबाइल वैन मोतियाबिंद जैसे रोगों की पहचान कर लोगों को नि:शुल्क उपचार प्रदान करेगी, जिससे ग्रामीण और वनांचल निवासियों को राहत मिलेगी।




