पुलिस मामले में कंचन और निक्की के बेटे और अन्य परिजनों से पूछताछ करेगी। मृतका और आरोपी की इंस्टाग्राम आईडी के अलावा अन्य सोशल मीडिया पर डाली गई पोस्ट की जांच कर रही है क्योंकि ससुरालवालों ने आरोप लगाया है कि इंस्टाग्राम भी लड़ाई का कारण बनता था।
निक्की हत्याकांड को लेकर आए दिन नए-नए खुलासे हो रहे हैं। अब मामले में सामने आया है कि आरोपी पति के कमरे में दो बिस्तर मिले थे। एक बिस्तर फर्श पर लगा मिला था। ऐसे में आशंका व्यक्त की जा रही है कि दोनों के बीच घटना से पहले विवाद हुआ था। यही कारण था कि दोनों में से कोई एक फर्श पर सोता था।
निक्की हत्याकांड के दो पहलू सामने आने के बाद पुलिस जांच में फूंक-फूंककर कदम आगे बढ़ा रही है। वह विधिक विशेषज्ञों की राय लेकर आगे बढ़ रही है। सोशल मीडिया पर सामने आ रहे वीडियो, सीसीटीवी फुटेज, आरोप-प्रत्यारोप और फोर्टिस अस्पताल के डॉक्टर से मिले मेमो से यह केस संवेदनशील बनता जा रहा है। उल्लेखनीय है कि मायके वाले और बड़ी बहन कंचन ने निक्की की जलाकर हत्या करने के आरोप लगाए हैं तो ससुरालवाले इसे आत्महत्या बता रहे हैं।




