सुकमा के सिरसट्टी पंचायत के नंदा पारा में नक्सलियों ने पुलिस मुखबिरी के आरोप में दो ग्रामीणों की गला रेतकर हत्या कर दी है। दो अन्य ग्रामीणों की बेरहमी से पिटाई की गई, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सुकमा जिले से बड़ी खबर सामने आई है। जहां नक्सलियों ने दो ग्रामीणों को मौत के घाट उतार दिया। घटना सिरसट्टी पंचायत के नंदा पारा की बताई जा रही है। देर रात नक्सलियों ने गांव में धावा बोला और पुलिस मुखबिरी के आरोप लगाकर दो ग्रामीणों की गला रेतकर हत्या कर दी। इस निर्मम वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल फैल गया है और लोग सहमे हुए हैं।
वहीं, इस घटना के कुछ घंटों के बाद ही नक्सलियों ने पर्चा जारी करते हुए घटना की जिम्मेदारी ले ली है। बताया जा रहा है कि दरभा नक्सलियों की केरलापाल एरिया कमेटी दरभा डिविजन ने दोनों ग्रामीणों की हत्या की जिम्मेदारी ली। मृतकों पर मुखबिरी करने का आरोप लगाया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, नक्सलियों ने सिर्फ हत्या के अलावा अन्य दो ग्रामीणों को भी बुरी तरह पीटा। दोनों की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। घटनास्थल पर चीख-पुकार और भय का माहौल इतना गहरा था कि ग्रामीण रातभर अपने घरों से बाहर नहीं निकल सके।
यह पहली बार नहीं है जब इस इलाके में नक्सलियों ने ग्रामीणों को मौत के घाट उतारा हो। लगातार हो रही घटनाओं ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गई।



