रायपुर। छत्तीसगढ़ रजत जयंती वर्ष और विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर राजधानी रायपुर में श्रमिक महासम्मेलन का आयोजन होगा। इस महासम्मेलन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मेहनतकश श्रमिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित करेंगे। महासम्मेलन राजधानी रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में दोपहर 3 बजे से आयोजित होगा। इस महासम्मेलन में मुख्यमंत्री 1 लाख 84 हजार 220 से अधिक पंजीकृत श्रमिकों को 65 करोड़ 16 लाख 61 हजार रूपए से अधिक की सहायता डीबीटी के माध्यम से जारी करेंगे। महासम्मेलन में छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल और छत्तीसगढ़ असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल सहित छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल में पंजीकृत श्रमिकों को शासकीय योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर श्रम विभाग के द्वारा 12-19 सितंबर तक 55 स्वास्थ्य शिविर का आयोजन सभी जिलों में किया जा रहा है।



