Home छत्तीसगढ़ आईटीआई बेरला में “बाल विवाह मुक्त भारत” पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

आईटीआई बेरला में “बाल विवाह मुक्त भारत” पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

74
0

 

ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया

बेमेतरा-  शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) बेरला में आज महिला बाल संरक्षण इकाई, महिला एवं बाल विकास विभाग बेमेतरा तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बेमेतरा के संयुक्त तत्वावधान में “बाल विवाह मुक्त भारत” विषय पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशिक्षणार्थियों को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा के दुष्परिणामों एवं इससे संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी देना रहा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. विद्यानंद बोरकर, परियोजना अधिकारी, एकीकृत बाल विकास परियोजना बेरला, श्री व्योम श्रीवास्तव, जिला बाल संरक्षण अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग बेमेतरा तथा श्री पवन कुमार साहू (अधिकार मित्र), जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बेमेतरा ने बताया कि बाल विवाह कानूनन अपराध है, जो बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास पर गंभीर नकारात्मक प्रभाव डालता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बाल विवाह निषेध अधिनियम के अंतर्गत दोषी पाए जाने पर जुर्माना एवं कारावास दोनों का प्रावधान है।


वक्ताओं ने बाल विवाह की रोकथाम के लिए शिक्षा, सामाजिक जागरूकता, सामुदायिक सहभागिता तथा कानून की समुचित जानकारी को अत्यंत आवश्यक बताया। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक रहें और समाज में भी इस कुप्रथा के विरुद्ध जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। कार्यक्रम में संस्था के संस्था प्रमुख, समस्त प्रशिक्षण अधिकारी एवं बड़ी संख्या में प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे। सभी ने बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने का संकल्प लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here