बेमेतरा– लोकतंत्र को मजबूत बनाने एवं अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मतदाता जागरूकता अभियान का आयोजन शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, देऊर ग्राम, विकासखंड साजा में किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं ग्रामीणजनों को मतदान के महत्व और मतदाता के अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं शिक्षकों ने कहा कि मतदान केवल एक अधिकार नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य के जिम्मेदार मतदाता बनने के लिए प्रेरित करते हुए यह संदेश दिया कि प्रत्येक पात्र नागरिक को बिना किसी भय, प्रलोभन या दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करना चाहिए।
मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों द्वारा नारे लेखन, संकल्प दिलाने तथा जागरूकता संदेशों के माध्यम से लोकतंत्र में सहभागिता का महत्व बताया गया। इस दौरान “पहले मतदान, फिर जलपान”, “मेरा वोट, मेरी पहचान” जैसे प्रेरक नारों से विद्यालय परिसर गूंज उठा।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों को शत-प्रतिशत मतदान का संकल्प दिलाया गया। विद्यालय प्रबंधन एवं आयोजकों ने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है और लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने में मदद मिलती है




