Home छत्तीसगढ़ वरिष्ठ भाजपा नेता पूर्व मंडल महामंत्री नोहर बल्लू पाल पर जानलेवा हमला

वरिष्ठ भाजपा नेता पूर्व मंडल महामंत्री नोहर बल्लू पाल पर जानलेवा हमला

100
0

सरपंच पुत्र ने अंधेरे का फायदा उठाकर किया गला रेतने का प्रयास, 14 टांके — एम्स रायपुर में जिंदगी से जंग

थानखम्हरिया। थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरगा में रविवार की रात एक सुनियोजित एवं सनसनीखेज जानलेवा हमले की घटना सामने आई, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। ग्राम के पूर्व सरपंच, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मंडल महामंत्री श्री नोहर बल्लू पाल पर धारदार हथियार से गले पर हमला किया गया। हमले में उनकी श्वासनली तक गंभीर चोट पहुंची है, जिस पर 12 से 14 टांके लगाए गए हैं। उनकी हालत फिलहाल गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज एम्स रायपुर में जारी है।


राजनीतिक व सामाजिक कद पर हमला
उल्लेखनीय है कि श्री बल्लू पाल भाजपा संगठन में थानखम्हरिया मंडल महामंत्री रह चुके हैं तथा तीन-चार बार ग्राम सरपंच जैसे महत्वपूर्ण पद पर निर्वाचित होकर क्षेत्र की सेवा कर चुके हैं। उनकी सक्रिय सामाजिक एवं राजनीतिक भूमिका को देखते हुए यह हमला न केवल उनके समर्थकों बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए चिंता का विषय बन गया है।
चुलमाटी कार्यक्रम से लौटते समय घात लगाकर हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार श्री पाल वर्मा परिवार के यहां आयोजित चुलमाटी कार्यक्रम में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के संतोषी मंदिर के पहले अंधेरे स्थान पर आरोपी ने घात लगाकर अचानक उन पर हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राथमिक उपचार के बाद एम्स रायपुर रेफर
गंभीर रूप से घायल श्री पाल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थानखम्हरिया लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर उन्हें एम्स रायपुर रेफर किया गया। वर्तमान में उनका इलाज विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में चल रहा है।
विधायक, जनपद अध्यक्ष व सांसदीय सचिव ने लिया हालचाल
घटना की जानकारी मिलते ही साजा विधायक श्री ईश्वर साहू एवं जनपद अध्यक्ष श्री जितेंद्र साहू देर रात एम्स रायपुर पहुंचे। उन्होंने चिकित्सकों से उपचार की जानकारी ली तथा परिजनों से मुलाकात कर हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इसके पश्चात प्रदेश के संसदीय सचिव श्री लाभचंद बाफना ने भी श्री बल्लू पाल के परिजनों से दूरभाष पर बातचीत कर उनका हालचाल जाना तथा शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
सरपंच पुत्र आरोपी, पुलिस ने किया गिरफ्तार
थाना प्रभारी श्री चंद्रदेव वर्मा अस्पताल पहुंचे और पीड़ित व परिजनों का बयान दर्ज किया। थाना से प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी वर्तमान सरपंच का पुत्र जलेश्वर उर्फ जलेश ठाकुर है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में त्वरित कार्रवाई
घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई, जिस पर मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) श्री रामकृष्ण साहू (IPS) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हरीश कुमार यादव तथा एसडीओपी बेमेतरा श्री भुषण एक्का के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी खम्हरिया निरीक्षक चंद्रदेव वर्मा को थाना स्टाफ के साथ प्रकरण की विवेचना में लगाया गया।
पूछताछ में अपराध स्वीकार
विवेचना के दौरान आरोपी जलेश्वर उर्फ जलेश ठाकुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
आरोपी जलेश्वर उर्फ जलेश ठाकुर पिता हीरालाल ठाकुर, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम बरगा, थाना खम्हरिया को दिनांक 09 फरवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में न्यायिक रिमांड पर प्रस्तुत किया गया।
सराहनीय पुलिस कार्यवाही
इस संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी खम्हरिया निरीक्षक चंद्रदेव वर्मा, प्रधान आरक्षक अजय कुमार लहरे, आरक्षक सौरभ सिंह, बलदेव निषाद, मुकेश चंद्रवंशी, अशरफी खान, रमन चंद्राकर सहित थाना खम्हरिया के समस्त पुलिस स्टाफ का महत्वपूर्ण एवं सराहनीय योगदान रहा।
सरपंच माता का बयान: घटना से शर्मिंदा हूं
आरोपी की मां एवं वर्तमान सरपंच नंदकुमारी ठाकुर ने थाना में पुलिस से मुलाकात के दौरान कहा,
“मेरे बेटे द्वारा की गई इस घटना से मैं बेहद लज्जित हूं। जो कृत्य हुआ है वह गलत है। मेरी ओर से पुलिस को पूरी छूट है कि वह न्यायोचित एवं कानूनी कार्रवाई करे।”
उन्होंने कहा कि कानून अपना काम करे और दोषी को सजा मिले।
सरपंच पद को लेकर उठे सवाल, आंदोलन की चेतावनी
घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल व्याप्त है। ग्रामीणों ने सरपंच पद पर बने रहने को लेकर सवाल खड़े किए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी की मां को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देना चाहिए, अन्यथा आंदोलन किया जाएगा।
नशाखोरी बनी बड़ी वजह!
ग्रामीणों ने क्षेत्र में तेजी से बढ़ती नशाखोरी को भी इस प्रकार की घटनाओं का प्रमुख कारण बताया है। हाल ही में थाना क्षेत्र के तोरन, हांटरांका, सोनचिरैया सहित कई गांवों में नशे के चलते झगड़े और मारपीट की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। बावजूद इसके ठोस कार्रवाई नहीं होने से हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here