Home छत्तीसगढ़ कबीरधाम में 165 सदस्यों ने हिंदू धर्म में की वापसी, विधायक भावना...

कबीरधाम में 165 सदस्यों ने हिंदू धर्म में की वापसी, विधायक भावना बोहरा ने पांव पखारकर किया स्वागत

77
0

कबीरधाम जिले की पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में लगभग 165 आदिवासी परिवारों के सदस्यों ने अपने मूल धर्म और परंपराओं में आस्था जताते हुए घर वापसी की। यह कार्यक्रम ग्राम कुल्हीडोंगरी में प्राथमिक शाला के पास आयोजित संस्कृति गौरव सम्मान और अभिनंदन समारोह के दौरान संपन्न हुआ।

स्थानीय भाजपा विधायक भावना बोहरा ने कार्यक्रम में पहुंचकर परंपरागत रूप से पांव पखारकर सभी का स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह केवल धार्मिक विषय नहीं, बल्कि सांस्कृतिक अस्मिता, सामाजिक एकता और आत्मगौरव से जुड़ा व्यापक सामाजिक अभियान है।

उन्होंने बताया कि क्षेत्र में सनातन संस्कृति के प्रचार प्रसार और आदिवासी तथा वनवासी संस्कृति के संरक्षण की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उनके अनुसार डबल इंजन सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से वनांचल क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव आया है। जनसंपर्क, संवाद, पारदर्शी विकास कार्य और विश्वास निर्माण के प्रयासों से ऐसा वातावरण बना है, जिससे जनजातीय परिवार अपनी सांस्कृतिक जड़ों की ओर लौट रहे हैं।

विधायक ने कहा कि उनका संकल्प है कि वनांचल का प्रत्येक परिवार शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सम्मानजनक जीवन से जुड़े। कुल्हीडोंगरी का यह आयोजन सांस्कृतिक आत्मविश्वास और विकास के समन्वय का प्रतीक है।

गौरतलब है कि इससे पहले नेऊर क्षेत्र के आसपास के गांवों से 115, कुई कुकदुर क्षेत्र से 70 और ग्राम दमगढ़ से 50 लोगों की घर वापसी हो चुकी है। कुल्हीडोंगरी में 165 लोगों की वापसी के साथ पंडरिया विधानसभा के वनांचल क्षेत्रों में अब तक लगभग 400 से अधिक आदिवासी नागरिक अपने मूल धर्म और सांस्कृतिक परंपराओं से पुनः जुड़ चुके हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here