Home छत्तीसगढ़ आवारा कुत्ते ने एक साथ कई लोगों को काटा, 10 घायल

आवारा कुत्ते ने एक साथ कई लोगों को काटा, 10 घायल

15
0

थान खम्हरिया। समीपस्थ ग्राम दर्री में शनिवार सुबह एक आवारा कुत्ते ने अचानक कई लोगों पर हमला कर दिया, जिससे गांव में हड़कंप मच गया। कुत्ते के काटने से 10 लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थान खम्हरिया ले जाया गया।
पूर्व मंडल अध्यक्ष पुन्नी तोरण यादव के अनुसार आवारा कुत्ते ने गांव में अलग-अलग स्थानों पर लोगों पर हमला किया। इस घटना में कई लोग कुत्ते के काटने से घायल हुए। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों द्वारा उनका उपचार किया गया।
कुत्ते के काटने से घायल होने वालों में दिनेश कुमार पाटिल (49), अनिल पाटिल (37), नारायण सिंह (56), ललिता साहू (31), दसारी बाई (71), कल्याणी (42), सुखचंद यादव (41), रंभा पाटिल (50), नंदकुमारी (29) और ललिता साहू (28) शामिल हैं। सभी ग्राम दर्री के निवासी बताए जा रहे हैं।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टर डॉ. स्वदेश जायसवाल ने बताया कि कुत्ते के काटने से पीड़ित सभी लोगों को एहतियात के तौर पर रेबीज का इंजेक्शन लगाया गया है। उन्होंने कहा कि कुत्ते के काटने की स्थिति में लापरवाही बरतना खतरनाक साबित हो सकता है, क्योंकि समय पर इंजेक्शन नहीं लगने से रेबीज संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है।
घटना के बाद कुत्ता मौके से भाग निकला था, जिसे बाद में ग्रामीणों ने ढूंढकर मार दिया। इस घटना से गांव में कुछ समय तक दहशत का माहौल बना रहा। डॉक्टरों ने लोगों से अपील की है कि कुत्ते के काटने की स्थिति में तुरंत अस्पताल पहुंचकर उपचार कराएं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here