Home छत्तीसगढ़ श्रीकृष्णा पब्लिक स्कूल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान...

श्रीकृष्णा पब्लिक स्कूल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम जन्मोत्सव

26
0

 

ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया

थान खम्हरिया: थान खम्हरिया स्थित श्रीकृष्णा पब्लिक स्कूल में रामनवमी के पावन अवसर पर भव्य एवं आकर्षक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को रंगोली एवं दीप प्रज्वलन के माध्यम से सुसज्जित किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

कार्यक्रम में प्रधान पाठक मोहन सिन्हा एवं वरिष्ठ पत्रकार अनिल सिंघानिया सहित अभिभावकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा मां सरस्वती एवं प्रभु श्रीराम के समक्ष दीप प्रज्वलन कर की गई। इसके पश्चात रामायण पाठ के माध्यम से उसके महत्व एवं भारतीय संस्कृति पर प्रकाश डाला गया।

इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने धार्मिक गीत, नृत्य एवं नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवंत करते हुए मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिससे पूरा वातावरण रामभक्ति में सराबोर हो गया।

अतिथियों ने अपने उद्बोधन में बच्चों को भगवान श्रीराम के आदर्शों पर चलने एवं अनुशासन का पालन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार श्रीराम ने बाल्यकाल में गुरुकुल में रहकर अनुशासनपूर्वक शिक्षा ग्रहण की, उसी प्रकार विद्यार्थियों को भी विद्यालय के नियमों का पालन करते हुए एक आदर्श नागरिक बनना चाहिए।

विद्यालय की प्राचार्य ने रामनवमी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह दिन भगवान विष्णु के सातवें अवतार मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने श्रीराम के जीवन से जुड़ी प्रेरक कथा सुनाते हुए बताया कि किस प्रकार उन्होंने सत्य, धर्म, करुणा और मर्यादा के मार्ग पर चलते हुए हर परिस्थिति का सामना किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ पत्रकार अनिल सिंघानिया ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान श्रीराम हमारे आदर्श हैं और रामायण हमें जीवन जीने की कला सिखाती है। परिवार में बड़ों का सम्मान, अनुशासन और कर्तव्य पालन जैसी सीख हमें रामायण से मिलती है। उन्होंने कहा कि रामनवमी का पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है तथा भगवान श्रीराम ने अधर्म का नाश कर रामराज्य की स्थापना की।

कार्यक्रम के अंत में सभी ने भगवान श्रीराम के जयघोष के साथ रामनवमी की शुभकामनाएं दीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here