वंदे मातरम् और भारत माता की जय के जयघोष से गूंजा नगर, स्कूली छात्राओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया
थान खम्हरिया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान के तहत मंगलवार को थान खम्हरिया नगर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। भाजपा खम्हरिया मंडल, नगर पंचायत एवं भारत माता शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के संयुक्त प्रयास से आयोजित इस यात्रा में बड़ी संख्या में स्कूली छात्राओं, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे नगर में “वंदे मातरम्” और “भारत माता की जय” के जयघोष गूंजते रहे।
तिरंगा यात्रा भारत माता कन्या शासकीय माध्यमिक विद्यालय से प्रारंभ होकर भारत माता चौक, जय स्तंभ चौक, दाउ चौरा, नूरानी चौक, भाटापारा, शिव सरोवर होते हुए गांधी चौक पहुंची, जहां यात्रा सभा के रूप में परिणित हुई। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर नागरिकों द्वारा तिरंगा यात्रा का स्वागत किया गया।
यात्रा में बड़ी संख्या में स्कूली छात्राएं हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर कतारबद्ध होकर शामिल हुईं। छात्राओं के उत्साह और राष्ट्रभक्ति ने नगरवासियों का ध्यान आकर्षित किया। भाजपा कार्यकर्ता भी हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष बलराम सिंह पटेल ने नगरवासियों से अपील की कि वे अपने घरों, कार्यालयों एवं संस्थानों में तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों के बलिदान को नमन करें। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण करने तथा नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करने के उद्देश्य से भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर हर घर तिरंगा अभियान देशभर में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत कर रहा है। हमें गुलामी के दौर में समाज में व्याप्त कुरीतियों एवं विकृतियों को दूर करते हुए देश को गौरवान्वित करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता के लिए मंडल अध्यक्ष एवं सभी कार्यकर्ताओं को बधाई एवं साधुवाद दिया।
नगर पंचायत अध्यक्ष अनीता चंदन अग्रवाल ने कहा कि भारत का राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा शांति, सद्भाव और एकता का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा का मुख्य उद्देश्य लोगों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व से अवगत कराने के साथ ही नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना है।
सभा के पश्चात अध्यक्ष प्रतिनिधि चंदन अग्रवाल ने सभी अतिथियों, पार्षदों एवं एल्डरमेन को तिलक लगाकर एवं दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन मंडल महामंत्री घनश्याम राजपूत ने किया तथा आभार प्रदर्शन एल्डरमैन रोहित राजपूत ने किया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश जोशी, जिला महामंत्री राजेश ठाकुर, उपाध्यक्ष नमिता सिन्हा, सरिता जैन, भाजपा मंडल अध्यक्ष केशव पटेल, एल्डरमैन अनिल सिंघानिया, रोहित राजपूत, बलराम निषाद, नगर पंचायत उपाध्यक्ष शरद कुंभकार, मनीष रात्रे, विजय यादव, टीकम अग्रवाल, चेतन सिन्हा, सोनू शर्मा, चंद्रशेखर राजपूत, आदर्श जोशी, सुरेश सिंघानिया, योगराज साहू, प्रवेश नेताम, रोहित पाल, पार्षद नेहा जितेंद्र सिन्हा, पार्षद ललिता विनोद यादव, पार्षद भैया राम लहरे, पार्षद ऋषि तिवारी, पार्षद अनिल यादव, अनिश अग्रवाल, शिक्षक ढाल सिंह राजपूत, राम सनेही नामदेव सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, स्कूली छात्राएं एवं नगरवासी उपस्थित रहे।




