Home छत्तीसगढ़ जनपद अध्यक्ष लक्ष्मी पटेल की पहल लाई रंग, पदमपुर–सरायपाली–सरसींवा मार्ग के लिए...

जनपद अध्यक्ष लक्ष्मी पटेल की पहल लाई रंग, पदमपुर–सरायपाली–सरसींवा मार्ग के लिए ₹24.48 करोड़ स्वीकृत

26
0

महासमुंद जिले के सरायपाली विधानसभा क्षेत्र में सड़क विकास को लेकर एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। पदमपुर–सरायपाली–सरसींवा राज्य मार्ग (SH-16) के चौड़ीकरण एवं उन्नयन के लिए छत्तीसगढ़ शासन ने 2448.33 लाख रुपये (₹24.48 करोड़) की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस महत्वपूर्ण मंजूरी के पीछे स्थानीय जनप्रतिनिधियों, विशेषकर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी हरिश्चंद्र पटेल के लगातार प्रयासों की अहम भूमिका रही है।
पत्र से शुरू हुई पहल
इस स्वीकृति की शुरुआत 20 फरवरी 2026 को हुई, जब जनपद पंचायत सरायपाली की अध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी पटेल ने वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी को एक औपचारिक पत्र लिखकर सड़क की जर्जर स्थिति की ओर ध्यान आकर्षित किया था।
उन्होंने वित्तीय वर्ष 2024–25 के बजट में जुड़े इस मार्ग को प्रशासनिक स्वीकृति प्राथमिकता से देने का अनुरोध करते हुए पदमपुर–सरायपाली-सरसींवा मार्ग के करीब 16 किलोमीटर हिस्से(सरायपाली-मातानाला महासमुंद सिमा रेखा)के चौड़ीकरण एवं उन्नयन की प्रारंभिक मांग रखी थी।
पत्र में उन्होंने स्पष्ट किया था कि यह मार्ग क्षेत्र के ग्रामीणों, व्यापारियों और आम जनता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, और इसके सुधार से आवागमन सुगम होगा तथा स्थानीय विकास को गति मिलेगी।


मांग से बड़ी स्वीकृति तक का सफर
जनपद अध्यक्ष की पहल पर त्वरित कार्रवाई करते हुए वित्त विभाग की सहमति के बाद लोक निर्माण विभाग (PWD) ने 30 मार्च 2026 को इस परियोजना को अंतिम रूप दे दिया।
अब विभाग ने विस्तृत सर्वेक्षण के आधार पर 16 किमी के बजाय कुल 22.10 किलोमीटर (किमी 233 से 256/6) सड़क के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण के लिए ₹24.48 करोड़ की स्वीकृति जारी की है।
परियोजना की मुख्य शर्तें
जारी आदेश के अनुसार निर्माण कार्य में निम्नलिखित बिंदुओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा:
समय सीमा: कार्य बिना किसी समय विस्तार के तय अवधि में पूरा करना होगा
गुणवत्ता: निर्माण सामग्री और कार्य गुणवत्ता में कोई समझौता नहीं
पारदर्शिता: निविदा प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और प्रतिस्पर्धात्मक होगी
जनता में खुशी की लहर
इस स्वीकृति के बाद सरायपाली क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। सागरपाली ग्रामीणों और व्यापारियों का कहना है कि लंबे समय से खराब सड़क के कारण आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।
अब सड़क के चौड़ीकरण से न केवल यात्रा सुगम होगी, बल्कि दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी और क्षेत्र का संपर्क पड़ोसी जिलों से बेहतर होगा।
विकास को मिलेगी नई गति
स्थानीय लोगों का मानना है कि जनपद अध्यक्ष लक्ष्मी पटेल की पहल और शासन के सकारात्मक सहयोग से क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी। यह परियोजना सरायपाली क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हो सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here