Home छत्तीसगढ़ धूमधाम से मनाई गई परशुराम जयंती, श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए

धूमधाम से मनाई गई परशुराम जयंती, श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए

15
0

 

ब्यूरो चीफ : अनिल सिंघानिया

थान खमरिया। स्थानीय राधाकृष्ण जमात मंदिर में भगवान परशुराम जयंती श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर भगवान परशुराम की विधिवत पूजा-अर्चना वैदिक रीति-विधान से संपन्न कराई गई। पंडित ओमप्रकाश जोशी एवं विपिन शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान भगवान परशुराम की आराधना के साथ-साथ प्रवचन एवं संबोधन का आयोजन भी किया गया। सर्वप्रथम कवि महेंद्र सिंह विरदी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि भगवान परशुराम पराक्रम, सत्य, योगनीति एवं धनुर्विद्या के प्रतीक थे। उन्होंने अधर्म और अत्याचार का अंत कर समाज में धर्म की स्थापना की।
जिला महामंत्री राजेश ठाकुर ने कहा कि भगवान परशुराम भगवान शिव के अनन्य भक्त थे। उनकी कठोर तपस्या से प्रसन्न होकर भगवान शिव ने उन्हें परशु (फरसा) प्रदान किया, जिसके कारण उनका नाम परशुराम पड़ा। उन्होंने समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने और संगठन की आवश्यकता पर बल दिया।


इस अवसर पर पुरुषोत्तम अग्रवाल एवं अनिल सिंघानिया ने भी संबोधित करते हुए कहा कि सनातन धर्म की परंपराएं अत्यंत व्यापक हैं। हमें भगवान परशुराम सहित सभी देवताओं के बताए मार्ग पर चलकर समाज में समरसता और एकता स्थापित करनी चाहिए।
महंत बसंत दास वैष्णव ने कहा कि भगवान परशुराम का व्यक्तित्व अद्वितीय था। वे ब्राह्मण होते हुए भी क्षत्रिय गुणों से युक्त थे और उन्होंने यह सिद्ध किया कि जब समाज में अत्याचार बढ़े, तो उसका प्रतिकार करना ही सच्चा धर्म है।
पंडित ओमप्रकाश जोशी ने कहा कि ब्राह्मण कोई जाति नहीं बल्कि एक विचारधारा है, जो समाज को दिशा देने का कार्य करती है। उन्होंने बताया कि भगवान परशुराम, भगवान विष्णु के छठे अवतार हैं, जिन्होंने अन्याय के विरुद्ध संघर्ष कर धर्म की रक्षा की।
पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर जयकारों और भक्ति गीतों से गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान परशुराम के आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया। अंत में आरती कर प्रसाद वितरण किया गया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से गिरीश शर्मा, कमल किशोर शर्मा, ज्ञान प्रकाश जोशी, गोपाल शर्मा, सतीश जोशी, श्रवण सिंघानिया, अनिल सिंघानिया, महेंद्र सिंह विरदी, पुरुषोत्तम अग्रवाल, राजेश ठाकुर, बसंत दास वैष्णव, बलदेव जोशी, राम अवतार मिश्रा, रामविलास शर्मा, शालू शर्मा, गोविंद शर्मा, शिवेंद्र, प्रवीण सिंघानिया, नंदकुमार ठाकुर, विपिन शर्मा, राकेश जोशी, रजनीश त्रिपाठी, राजेंद्र बिंदल सहित बड़ी संख्या में विप्र समाज एवं अग्रवाल समाज के श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन कमल किशोर शर्मा ने किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here