Home छत्तीसगढ़ जनसमस्या निवारण शिविर बना सुशासन और जनसेवा का सशक्त मंच

जनसमस्या निवारण शिविर बना सुशासन और जनसेवा का सशक्त मंच

3
0

विधायक दीपेश साहू ने सुनीं आमजन की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश

ब्यूरो चीफ: अनिल सिंघानिया

थान खम्हरिया,। शासन की मंशानुसार आम जनता की समस्याओं के त्वरित निराकरण एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद बेमेतरा द्वारा बेसिक स्कूल मैदान स्थित गांधी भवन में भव्य जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर सुशासन, संवेदनशील प्रशासन और जनसेवा का प्रभावी उदाहरण बनकर उभरा, जहां बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याएं एवं मांगें लेकर पहुंचे।
नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 01 से 07 तक के नागरिकों ने शिविर में भाग लेकर अपनी विभिन्न समस्याओं एवं आवश्यकताओं से प्रशासन को अवगत कराया। शिविर में प्राप्त आवेदनों के निराकरण हेतु संबंधित विभागों द्वारा मौके पर कार्रवाई की गई, जिससे आमजन में संतोष एवं उत्साह का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में विधायक दीपेश साहू स्वयं उपस्थित होकर आमजन की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से आवेदनों के निराकरण की विस्तृत जानकारी लेते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर त्वरित रूप से सुनिश्चित किया जाए।
विधायक साहू ने कहा कि जनसमस्या निवारण शिविर केवल प्रशासनिक औपचारिकता नहीं, बल्कि शासन और जनता के बीच विश्वास का मजबूत सेतु है। ऐसे शिविरों के माध्यम से प्रशासन स्वयं जनता तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रहा है, जिससे लोगों का शासन-प्रशासन के प्रति विश्वास में वृद्धि हो रही है।
“जनता की सेवा ही हमारा संकल्प है” — विधायक दीपेश साहू
शिविर को संबोधित करते हुए विधायक दीपेश साहू ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति अपने अधिकार एवं सुविधा के लिए भटकने को मजबूर न हो, यही सुशासन का मूल उद्देश्य है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि आमजन की समस्याओं के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रत्येक आवेदन पर संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ कार्य किया जाए ताकि लोगों को त्वरित राहत मिल सके।


उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार गरीब, किसान, मजदूर, महिला, युवा एवं बुजुर्ग सहित समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया जा रहा है।
विभिन्न विभागों के स्टॉल बने आकर्षण का केंद्र
शिविर में कार्यपालन अभियंता, पुलिस विभाग, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, लीड बैंक, लोक निर्माण विभाग, वन विभाग, पशुधन विकास विभाग, समाज कल्याण विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) सहित विभिन्न विभागों द्वारा जानकारी एवं सेवा शिविर लगाए गए।
इन स्टॉलों के माध्यम से नागरिकों को शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। शिविर में नोनी सुरक्षा योजना एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत हितग्राहियों को लाभ वितरण किया गया। साथ ही आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए तथा बालिकाओं को पासबुक वितरित की गई।
मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को विधायक दीपेश साहू द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी कुंजी है और मेहनत, अनुशासन एवं लगन से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
नगर पालिका अध्यक्ष ने कही यह बात
नगर पालिका अध्यक्ष सिन्हा ने भी शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि जनसमस्या निवारण शिविर शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम बन रहे हैं। प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों की संयुक्त पहल से आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो पा रहा है।
उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों से न केवल लोगों को योजनाओं का लाभ मिल रहा है, बल्कि शासन के प्रति जनता का विश्वास भी लगातार मजबूत हो रहा है।
सुशासन और जनकल्याण की दिशा में प्रभावी पहल
शिविर में वार्ड क्रमांक 01 से 07 तक के नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाया। जनसमस्या निवारण शिविर जनसेवा, सुशासन एवं संवेदनशील प्रशासन की दिशा में एक प्रभावी एवं सराहनीय पहल के रूप में सफल रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here