ट्रक चालक से मारपीट कर लूट का प्रयास, वाहन में की तोड़फोड़
ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया
थान खम्हरिया, ।
थाना खम्हरिया पुलिस ने लूटपाट, मारपीट एवं तोड़फोड़ के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपियों द्वारा ट्रक चालक के साथ मारपीट कर लूटपाट का प्रयास किया गया तथा वाहन में तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया गया।
मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शेषनारायण मिश्रा उर्फ सल्लू एवं मिथलेश पाल उर्फ मिट्टू, निवासी धानखम्हरिया के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
प्रार्थी द्वारा दर्ज रिपोर्ट के अनुसार 14 मई 2026 की रात्रि ट्रक क्रमांक MH-18 BG 2246 के चालक के साथ आरोपियों ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए मारपीट की तथा रुपए की मांग की। विरोध करने पर वाहन के सामने लगे ग्लास एवं अन्य हिस्सों में तोड़फोड़ कर क्षति पहुंचाई गई। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों के पहुंचने पर आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण, गवाहों के बयान एवं अन्य साक्ष्य संकलित किए। मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा भी जब्त किया है।
पुलिस द्वारा विधिवत कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड हेतु आवेदन प्रस्तुत किया गया। मामले में आगे की विवेचना जारी है।




