Home छत्तीसगढ़ जनसमस्या निवारण शिविर में विधायक ईश्वर साहू ने अधिकारियों को दिए सख्त...

जनसमस्या निवारण शिविर में विधायक ईश्वर साहू ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

4
0

“जनता को न काटने पड़ें दफ्तरों के चक्कर, मौके पर हो समस्याओं का समाधान”
शिविर में हितग्राहियों को राशन कार्ड, श्रम कार्ड, कृषि उपकरण व श्रवण यंत्र का वितरण

ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया

थान खमरिया । आम जनता की मांगों, समस्याओं और शिकायतों का जमीनी स्तर पर त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनपद पंचायत साजा अंतर्गत ग्राम पंचायत बीरनपुर में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्रीय विधायक ईश्वर साहू शामिल हुए, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं एवं मांगों के आवेदन प्रस्तुत किए।


शिविर के दौरान विधायक ईश्वर साहू ने अधिकारियों को स्पष्ट एवं सख्त निर्देश देते हुए कहा कि केवल कागजी खानापूर्ति से काम नहीं चलेगा, बल्कि नागरिकों की समस्याओं का धरातल पर वास्तविक और त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और जनसमस्या निवारण शिविर तभी सार्थक होगा, जब पीड़ित व्यक्ति को उसकी समस्या से वास्तविक राहत मिले।
विधायक श्री साहू ने शिविर में पहुंचे नागरिकों की समस्याएं स्वयं सुनीं तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर बुलाकर निराकरण की समय-सीमा तय की। उन्होंने निर्देश दिए कि अधिकारी संवेदनशीलता के साथ आवेदनों की जांच करें तथा जिन मामलों का समाधान तत्काल संभव है, उन्हें मौके पर ही पूरा किया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि किसी भी नागरिक को अपने जायज कार्यों के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ने चाहिए।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक ईश्वर साहू ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करना और उनकी उम्मीदों पर खरा उतरना ही इस शिविर की सर्वोच्च प्राथमिकता है। राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन आमजनों की समस्याओं के निराकरण के लिए प्रतिबद्ध हैं। ऐसे शिविरों का उद्देश्य प्रशासन को जनता के द्वार तक पहुंचाना है, ताकि छोटे-छोटे कार्यों के लिए लोगों को अनावश्यक परेशान न होना पड़े।
त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता : कलेक्टर
जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने भी नागरिकों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि शासन के निर्देशानुसार जिलेभर में आम नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों के मौके पर निराकरण के लिए शिविर लगाए जा रहे हैं। आम जनता की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कलेक्टर ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त सभी आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में अनिवार्य रूप से निराकरण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आवेदनों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विधायक ईश्वर साहू ने विशेष रूप से पेंशन, राशन कार्ड, नामांतरण-बंटवारा एवं पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मामलों में प्राथमिकता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
शिविर में हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ
जनसमस्या निवारण शिविर में केवल आवेदन प्राप्त नहीं किए गए, बल्कि विभिन्न विभागों द्वारा पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। विधायक ईश्वर साहू के हाथों हितग्राहियों को विभिन्न सामग्रियां एवं स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।
कृषि विभाग द्वारा 3 किसानों को कृषि स्प्रेयर उपकरण, महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से 5 महिलाओं को पोषण आहार किट, राजस्व विभाग द्वारा 5 किसानों को किसान किताबें वितरित की गईं। श्रम विभाग ने 5 हितग्राहियों को नवीन श्रम पंजीयन कार्ड सौंपे, जबकि समाज कल्याण विभाग द्वारा एक दिव्यांग हितग्राही को श्रवण यंत्र प्रदान किया गया। खाद्य विभाग ने 5 पात्र परिवारों को नवीन राशन कार्ड वितरित किए।
शिविर में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सुश्री पिंकी मनहर, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न विभागों के मैदानी अमले तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here