Home छत्तीसगढ़ जनसमस्या निवारण शिविर में पहुँचे कैबिनेट मंत्री श्री दयाल दास बघेल

जनसमस्या निवारण शिविर में पहुँचे कैबिनेट मंत्री श्री दयाल दास बघेल

15
0

 

नागरिकों की समस्याएं सुनकर अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश

ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया

हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं से किया लाभांवित, मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान की घोषणा

बेमेतरा, :- शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने तथा आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विकासखंड नवागढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत कुरा में जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में छत्तीसगढ़ शासन के खाद्य मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक दयाल दास बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं नागरिकों ने अपनी समस्याएं, मांगें और शिकायतें मंत्री श्री बघेल के समक्ष रखीं। मंत्री श्री बघेल ने सभी आवेदनों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए मौके पर उपस्थित जिला प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि आम जनता को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें, इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर जिम्मेदारी और जवाबदेही तय की जाए।

समस्याओं के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
शिविर को संबोधित करते हुए मंत्री श्री दयाल दास बघेल ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार जनता की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जन समस्या निवारण शिविर केवल औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि जनता और प्रशासन के बीच विश्वास एवं संवाद का सशक्त माध्यम है।उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि आवेदनों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्राप्त शिकायतों और मांगों पर की गई कार्रवाई की समीक्षा वे स्वयं करेंगे। मंत्री श्री बघेल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नागरिकों की समस्याओं को सहानुभूतिपूर्वक सुनते हुए उनका व्यवहारिक एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।

शिविर में विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को मिला लाभ
मंत्री श्री बघेल ने कहा कि जन समस्या निवारण शिविर केवल आवेदन लेने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही योजनाओं से लाभान्वित कर शासन की संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता का परिचय देना चाहिए।इसी कड़ी में शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया। कृषि विभाग के माध्यम से किसानों को डिजिटल किसान किताब प्रदान की गई। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 8 बालिकाओं को नोनी सुरक्षा योजना अंतर्गत पंजीयन प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 5 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड एवं टीबी उन्मूलन अभियान के अंतर्गत 5 मरीजों को निक्षय किट प्रदान की गई। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत आवास पूर्ण होने पर 3 हितग्राहियों को आवास की चाबी सौंपकर उन्हें गृह प्रवेश की शुभकामनाएं दी गईं। शिविर में हितग्राहियों के चेहरे पर खुशी और संतोष स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।

मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहन देने की घोषणा
मंत्री श्री दयाल दास बघेल ने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करने की घोषणा भी की। उन्होंने क्षेत्र के कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करने की बात कही। उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि कक्षा 12वीं के 16 मेधावी छात्र-छात्राओं को 10-10 हजार रुपए तथा कक्षा 10वीं के 8 छात्र-छात्राओं को 5-5 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। मंत्री श्री बघेल ने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत और उपलब्धियां पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय हैं तथा ऐसे प्रतिभाशाली बच्चों को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव सहयोग दिया जाएगा।

ग्रामीण समस्याओं के निराकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश
मंत्री श्री बघेल ने जिला प्रशासन को निर्देशित किया कि ऐसे आवेदन जिनका निराकरण मौके पर संभव नहीं हो पाया है, उन पर तत्काल वास्तविक कार्रवाई प्रारंभ कर निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि आवेदनों की जांच पूर्ण कर आवेदकों को समय पर जानकारी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल, बिजली, सड़क, स्वास्थ्य सेवाओं एवं राशन कार्ड से संबंधित समस्याओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं, विभिन्न विभागों के जिला प्रमुख अधिकारी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं नागरिक उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here