Home छत्तीसगढ़ सुशासन तिहार के बाद बिरनपुर पहुंचे विधायक ईश्वर साहू व डीआईजी रामकृष्ण...

सुशासन तिहार के बाद बिरनपुर पहुंचे विधायक ईश्वर साहू व डीआईजी रामकृष्ण साहू, कानून-व्यवस्था को लेकर हुई अहम चर्चा

52
0

 

थान खम्हरिया । सुशासन तिहार अंतर्गत आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर के पश्चात साजा विधायक श्री ईश्वर साहू एवं पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) श्री रामकृष्ण साहू पुलिस चौकी सहायता केन्द्र बिरनपुर पहुंचे। यहां आयोजित बैठक में पुलिस चौकी सहायता केन्द्र बिरनपुर के चौकी उन्नयन, डायल-112 सेवा प्रारंभ करने तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा की गई।

बैठक के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं एवं शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं। विधायक श्री ईश्वर साहू ने प्राप्त आवेदनों और शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कई तात्कालिक समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि अन्य मामलों को जांच हेतु दर्ज कर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई करने कहा गया।

पुलिस उप महानिरीक्षक श्री रामकृष्ण साहू ने अधिकारियों को जनशिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के निर्देश देते हुए कहा कि फरियाद लेकर आने वाले लोगों से मैत्रीपूर्ण व्यवहार किया जाए और उनकी शिकायतों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना जाए। उन्होंने कहा कि पीड़ितों की समस्याओं का शीघ्र समाधान होने से पुलिस के प्रति जनता का विश्वास और अधिक मजबूत होगा।

बैठक में अवैध शराब, जुआ, सट्टा, गांजा, नशीली दवाओं एवं अन्य अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही असामाजिक तत्वों, निगरानी बदमाशों तथा शराब पीकर हुड़दंग और मारपीट करने वालों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने कहा गया।

डीआईजी श्री रामकृष्ण साहू ने “हमर पुलिस हमर बाजार” एवं “हमर पुलिस हमर गांव” अभियान के तहत हाट-बाजारों एवं ग्रामों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।

बैठक के पश्चात विधायक श्री ईश्वर साहू एवं डीआईजी श्री रामकृष्ण साहू ने शक्ति घाट बिरनपुर स्थित माँ शक्ति मंदिर पहुंचकर जिले की शांति, सुरक्षा एवं समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने पैदल ग्राम भ्रमण कर कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा ग्रामीणों से मिलकर उनका कुशलक्षेम जाना।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधि श्री ज्वाला सिंह राजपूत, अनिल सिंघानिया, बुलाक साहू, नारद वर्मा, नारायण साहू, लुकराम साहू, नेतराम साहू, सोनू वर्मा सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। साथ ही एसडीओपी बेरला श्री विनय कुमार, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सुश्री पिंकी मनहर, निरीक्षक चंद्रदेव वर्मा एवं चौकी प्रभारी संतोष ध्रुवे भी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here