Home छत्तीसगढ़ विधायक-नायब तहसीलदार विवाद में दोनों पक्षों पर FIR दर्ज, मारपीट और आरोपों...

विधायक-नायब तहसीलदार विवाद में दोनों पक्षों पर FIR दर्ज, मारपीट और आरोपों से तूल पकड़ रहा मामला

16
0

सीतापुर में विधायक रामकुमार टोप्पो और नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी के बीच विवाद ने तूल पकड़ लिया है। दोनों पक्षों की शिकायत पर एफआईआर दर्ज हुई है।

सरगुजा जिले के सीतापुर विधानसभा क्षेत्र में विधायक और नायब तहसीलदार के बीच विवाद का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। एक ओर जहां राजापुर उप तहसील में पदस्थ नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी की शिकायत पर सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है, वहीं दूसरी ओर विधायक की बहन की शिकायत पर नायब तहसीलदार के खिलाफ भी मामला दर्ज हुआ है।

जानकारी के अनुसार 27 मई की शाम राजापुर तहसील तिराहे के पास कथित विवाद के दौरान नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी के साथ मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने का आरोप लगाया गया। नायब तहसीलदार ने अपनी शिकायत में कहा कि विधायक रामकुमार टोप्पो, यूसुफ, नाजिम रजा, पंकज गुप्ता समेत 10–12 लोगों ने शोध क्षमता प्रमाण पत्र पर तत्काल हस्ताक्षर करने का दबाव बनाया। मना करने पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए मारपीट की गई और उन्हें जमीन पर गिरा दिया गया।

घटना के दौरान एसडीएम सीतापुर फागुन सिन्हा भी मौजूद थे। शिकायत में कहा गया कि एसडीएम ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला, अन्यथा बड़ी घटना हो सकती थी। कोतवाली पुलिस ने नायब तहसीलदार की शिकायत पर विधायक रामकुमार टोप्पो सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि प्रकरण गैर-जमानती धाराओं के अंतर्गत दर्ज किया गया है।

विधायक रामकुमार टोप्पो की चचेरी बहन सीमा धनकी की शिकायत पर नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई है। महिला ने आरोप लगाया है कि तहसील कार्यालय में उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया, जातिसूचक गाली-गलौज की गई तथा धक्का-मुक्की कर कार्यालय से बाहर निकाला गया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने नायब तहसीलदार के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत जमानती धाराओं में मामला दर्ज किया है।

इधर दोनों पक्षों पर एफआईआर दर्ज होने के बाद जिले में राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। मामले को लेकर भाजपा और प्रशासनिक अमले में भी चर्चा का माहौल बना हुआ है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here