रायपुर, शेयर बाजार में ज्यादा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर एक युवक से ठगी की गई। आरोपी महिला ने टेलीग्राम चैनल के जरिए युवक से संपर्क किया और शेयर ट्रेडिंग में अधिक रिटर्न का लालच दिया। इसके बाद उसने धीरे-धीरे युवक से पैसे ट्रांसफर करवा लिए। जब युवक को ठगी का पता चला, तब उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के अनुसार पीड़ित गिरधन लाल ओगरे ने बताया कि वह काम की तलाश कर रहा था। इसी दौरान वह एक टेलीग्राम चैनल से जुड़ा, जहां शेयर ट्रेडिंग और निवेश से कम समय में ज्यादा पैसा कमाने का दावा किया जा रहा था। चैनल से जुड़ने के बाद एक महिला ने उससे संपर्क किया और खुद को शेयर मार्केट की एक्सपर्ट बताया। आरोप है कि महिला ने पहले छोटे निवेश पर अच्छा मुनाफा दिलाकर युवक का भरोसा जीता। इसके बाद उसने युवक को बड़ी रकम निवेश करने के लिए कहा। आरोपी महिला ने अलग-अलग खातों में पैसे ट्रांसफर करवाए और दावा किया कि शेयर ट्रेडिंग के जरिए जल्द ही मोटा रिटर्न मिलेगा। कुछ समय बाद जब पीड़ित ने अपनी रकम वापस मांगनी शुरू की, तो आरोपी टालमटोल करने लगी। बाद में महिला और उससे जुड़े लोगों ने संपर्क बंद कर दिया। इसके बाद युवक को ठगी का एहसास हुआ। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी महिला और उससे जुड़े लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल भी मामले की पड़ताल कर रही है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया, टेलीग्राम चैनल और ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म के जरिए ठगी के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।



