Home छत्तीसगढ़ जुलाई से बिजली महंगी! छत्तीसगढ़वासियों को लगेगा नया झटका

जुलाई से बिजली महंगी! छत्तीसगढ़वासियों को लगेगा नया झटका

4
0

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बिजली उपभोक्ताओं को जल्द ही एक और महंगाई का झटका लगने वाला है। प्रदेश में अगले महीने यानी जुलाई से बिजली के दाम बढ़ सकते हैं। राज्य विद्युत नियामक आयोग वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए नई बिजली दरों की घोषणा की तैयारी में है और सूत्रों के अनुसार यह घोषणा जून महीने में किसी भी समय हो सकती है।
छत्तीसगढ़ पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी (CSPDCL) ने नियामक आयोग को जो टैरिफ याचिका सौंपी थी, उसमें साफ तौर पर कहा गया है कि अगले वित्तीय वर्ष के लिए कंपनी को करीब 6308.24 करोड़ रुपये का राजस्व अंतर (गैप) हो रहा है। इस भारी घाटे को पूरा करने के लिए कंपनी ने सभी वर्गों के उपभोक्ताओं घरेलू, कृषि, कमर्शियल, औद्योगिक समेत सभी कैटेगरी में समान प्रतिशत वृद्धि का प्रस्ताव रखा है।
आयोग ने फरवरी में इस प्रस्ताव पर विस्तृत जनसुनवाई की थी। सुनवाई सिर्फ रायपुर तक सीमित नहीं रही, बल्कि पूरे प्रदेश के संभाग स्तर पर ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों तरीकों से आयोजित की गई। घरेलू उपभोक्ताओं, किसानों, ट्रेड यूनियनों, उद्योगपतियों और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने बड़े पैमाने पर अपनी आपत्तियां और सुझाव रखे। कई लोगों ने बिजली दरों में बढ़ोतरी का विरोध करते हुए कहा कि पहले से ही महंगाई के बोझ तले आम जनता परेशान है, नई बढ़ोतरी उनके लिए और मुश्किल खड़ी कर देगी।
जनसुनवाई के बाद आयोग ने बिजली कंपनी से अतिरिक्त दस्तावेज, आय-व्यय के विस्तृत आंकड़े और अन्य जरूरी जानकारी भी मांगी थी। अब इन सभी पहलुओं की समीक्षा पूरी हो चुकी है। सूत्र बताते हैं कि आयोग राज्य सरकार से भी इस मुद्दे पर लगातार चर्चा कर रहा है। माना जा रहा है कि नई दरें जुलाई 2026 से लागू की जा सकती हैं।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष यानी 2025 में 11 जुलाई को नई बिजली दरों की घोषणा की गई थी, जिसमें औसतन 20 पैसे प्रति यूनिट की बढ़ोतरी हुई थी। इस बार भी उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ पड़ने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अंतिम फैसला नियामक आयोग को लेना है।
बढ़ती बिजली दरों का सीधा असर घरेलू उपभोक्ताओं, छोटे व्यापारियों, किसानों और छोटे उद्योगों पर पड़ता है। कई विशेषज्ञ मानते हैं कि यदि राजस्व अंतर को सिर्फ टैरिफ बढ़ाकर पूरा किया गया तो उपभोक्ताओं की शिकायतें और बढ़ सकती हैं। वहीं बिजली कंपनी का तर्क है कि बढ़ते ईंधन खर्च, कर्मचारियों का वेतन, रखरखाव और नई परियोजनाओं के कारण यह बढ़ोतरी जरूरी हो गई है।अभी उपभोक्ता नई दरों का ऐलान और उसमें कितनी बढ़ोतरी होती है, इस पर नजरें टिकाए हुए हैं। जून के अंत या जुलाई के पहले सप्ताह में इसकी औपचारिक घोषणा होने की सबसे ज्यादा संभावना है।

ये हैं घरेलू बिजली की दरें
0 से 100 यूनिट : 4.10 रुपए प्रति यूनिट
101 से 200 यूनिट : 4.20 रुपए प्रति यूनिट
201 से 400 यूनिट : 5.60 रुपए प्रति यूनिट
401 से 600 यूनिट : 6.60 रुपए प्रति यूनिट
601 यूनिट से अधिक : 8.20 रुपए प्रति यूनिट

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here