Home छत्तीसगढ़ मेहनत की मिसाल बनी चारु : 23 साल की उम्र में 19...

मेहनत की मिसाल बनी चारु : 23 साल की उम्र में 19 सरकारी परीक्षाओं में सफलता, राष्ट्रपति करेंगी सम्मानित

16
0
तिल्दा-नेवरा। राजधानी रायपुर से लगभग 50 किलोमीटर दूर स्थित तिल्दा की बेटी चारु पांडेय ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर एक ऐसा मुकाम हासिल किया है, जो आज के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गया है। महज 23 वर्ष की आयु में चारु ने एक या दो नहीं, बल्कि केंद्र और राज्य सरकार की 19 प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाएं उत्तीर्ण कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। चारु की इस असाधारण उपलब्धि के लिए आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह में उन्हें महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा सम्मानित किया जाएगा।

पिता शासकीय स्कूल में शिक्षक

चारु पांडेय, शासकीय शिक्षक प्रवीण कुमार पांडेय और गृहिणी सुधा पांडेय की सुपुत्री हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा तिल्दा के एक निजी स्कूल से पूरी की। इसके बाद उन्होंने हेमचंद महाविद्यालय दुर्ग से गणित विषय में स्नातक (B.Sc.) की डिग्री हासिल की। चारु की यह ऐतिहासिक उपलब्धि यह साबित करती है कि यदि लक्ष्य के प्रति सच्ची निष्ठा हो, तो छोटे शहरों की बेटियां भी बड़े से बड़े सपनों को साकार कर देशभर में अपनी अमिट पहचान बना सकती हैं।

बताई सफलताओं की रणनीति

अपनी रणनीतियों के बारे में नईदुनिया संवाददाता संजय सेन से चर्चा करते हुए चारु ने बताया कि वे हमेशा विषयवार रणनीति, मॉक टेस्ट और नियमित स्व-विश्लेषण पर भरोसा करती थीं। उन्होंने अन्य प्रतियोगी परीक्षार्थियों को भी यही सलाह दी है कि सफलता पाने के लिए निरंतरता और सही दिशा में प्रयास करना बेहद जरूरी है। चारु की इस अभूतपूर्व सफलता से क्षेत्र के विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं में एक नया उत्साह और ऊर्जा देखने को मिल रही है।

इन 19 प्रमुख परीक्षाओं में लहराया परचम

चारु पांडेय ने अपनी कड़ी मेहनत के बल पर देश की सबसे कठिन मानी जाने वाली कई परीक्षाओं को क्रैक किया है। उनके द्वारा पास की गई प्रमुख परीक्षाओं में SSC CGL, SSC CHSL, SSC MTS, SSC GD, SSC CPO, IBPS PO, SBI, दिल्ली पुलिस, छत्तीसगढ़ सब-ईस्पेक्टर, ट्रांसपोर्ट सब-इंस्पेक्टर और CG NHM जैसी कुल 19 प्रतिष्ठित परीक्षाएं शामिल हैं।

वर्तमान में CAG चेन्नई में दे रही हैं सेवाएं

लगातार इतनी सारी सरकारी परीक्षाओं में शीर्ष पायदान पर सफलता हासिल करने के बावजूद चारु ने अपने अनुशासन को कभी टूटने नहीं दिया। वे वर्तमान में मई 2025 से भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) के चेन्नई कार्यालय में असिस्टेंट ऑडिट ऑफिसर (AAO) के महत्वपूर्ण पद पर अपनी सेवाएं दे रही हैं।

सफलता का मूल मंत्र – स्मार्ट स्टडी

चारु पांडेय ने सफलता की चाह रखने वाले युवाओं और छात्र-छात्राओं के लिए एक विशेष संदेश दिया है। उन्होंने बताया कि केवल अंधाधुंध पढ़ाई करने के बजाय विषयवार रणनीति बनाना, नियमित रूप से मॉक टेस्ट देना और अपनी कमियों का ‘स्व-विश्लेषण’ करना ही सफलता का असली शॉर्टकट है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here