Home छत्तीसगढ़ गिरिराज पर्वत की कथा सुनकर भाव-विभोर हुए श्रद्धालु, विधायक ईश्वर साहू हुए...

गिरिराज पर्वत की कथा सुनकर भाव-विभोर हुए श्रद्धालु, विधायक ईश्वर साहू हुए शामिल

69
0

 

ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया

थानखम्हरिया। स्थानीय रामचंद्र सागर धर्मशाला, वार्ड क्रमांक 2 एवं 3 में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के दौरान कथा व्यास अक्षय नारायण दुबे महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं एवं गिरिराज गोवर्धन पर्वत की महिमा का भावपूर्ण वर्णन किया। कथा श्रवण कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।

कथा के दौरान अक्षय नारायण दुबे महाराज ने बताया कि गोवर्धन पर्वत की कथा भगवान श्रीकृष्ण की अद्भुत एवं प्रेरणादायी लीलाओं में से एक है। यह कथा प्रकृति पूजन के महत्व, अहंकार के नाश तथा धर्म की स्थापना का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने अपने बाल्यकाल से ही दुष्ट शक्तियों का संहार कर ब्रजवासियों की रक्षा की। पूतना वध, बकासुर वध, माखन चोरी एवं गोवर्धन पूजा की कथा का विस्तृत वर्णन करते हुए उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।

कथा के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं एवं गोवर्धन पूजा प्रसंग का रसपान किया। भजन-कीर्तन और कथा श्रवण से पूरा पंडाल कृष्ण भक्ति में सराबोर हो गया।

कार्यक्रम के मुख्य यजमान राजेश ठाकुर एवं उमा ठाकुर ने विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती कर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा कथा के सफल आयोजन की कामना की।

इस अवसर पर साजा विधायक ईश्वर साहू कथा स्थल पहुंचे तथा व्यासपीठ का पूजन कर अक्षय नारायण दुबे महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने क्षेत्र की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। विधायक साहू ने अपने संबोधन में कहा कि धार्मिक कथाओं के श्रवण से मन को शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है। प्रत्येक गांव में ऐसे धार्मिक आयोजनों का आयोजन होना चाहिए तथा कथा से मिलने वाली शिक्षाओं को जीवन में आत्मसात करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि धर्म के प्रति लोगों की बढ़ती आस्था का ही परिणाम है कि विभिन्न स्थानों पर हवन, पूजन एवं कथा जैसे धार्मिक आयोजनों का आयोजन निरंतर किया जा रहा है।

विधायक ने आयोजन समिति एवं महिला मंडल की सराहना करते हुए सफल आयोजन के लिए उन्हें साधुवाद दिया।

कार्यक्रम में पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश जोशी, जिला पंचायत सभापति परमेश्वर वर्मा, जिला पंचायत सदस्य गोविंद पटेल, जनपद सदस्य पुन्नी तोरण यादव, लोकनाथ पटेल, चंद्रशेखर राजपूत, नमिता सिन्हा, रेखा शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

आयोजन को सफल बनाने में निधि राजपूत, नेहा राजपूत, नैंसी राजपूत, मनु राजपूत, उमा राजपूत, रानू राजपूत, स्वर्णलता राजपूत, अंशु राजपूत, नीता दुबे, मधु साहू, मंजू राजपूत, गायत्री परिहार, लक्ष्मी साहू, ममता श्रीवास, पिंकी ठाकुर, कमला ठाकुर, मंजू ठाकुर एवं नीता राजपूत का विशेष योगदान रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here