Home छत्तीसगढ़ प्रगति पथ यात्रा के तहत बेमेतरा बायपास निर्माण कार्य का निरीक्षण, सांसद...

प्रगति पथ यात्रा के तहत बेमेतरा बायपास निर्माण कार्य का निरीक्षण, सांसद विजय बघेल ने गिनाईं मोदी सरकार की उपलब्धियां

3
0

 

ब्यूरो चीफ : अनिल सिंघानिया

थानखम्हरिया। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित “प्रगति पथ यात्रा – 12 साल विश्वास के, विकास के और जनकल्याण के” कार्यक्रम के अंतर्गत बेमेतरा में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर निर्माणाधीन बेमेतरा बायपास परियोजना का निरीक्षण किया गया। इस दौरान दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए विकास कार्यों की जानकारी दी।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, नई दिल्ली के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-30 के किलोमीटर 290.747 से 295.180 तक लगभग 4.43 किलोमीटर लंबाई में चार लेन पेव्ड शोल्डर एवं सर्विस रोड सहित बेमेतरा बायपास का निर्माण कार्य किया जा रहा है। परियोजना की स्वीकृत लागत 161.96 करोड़ रुपये है, जबकि अनुबंध राशि 95 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। निर्माण कार्य का दायित्व आलोक बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड, दुर्ग को सौंपा गया है तथा इसे वर्ष 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। बायपास निर्माण से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुगम होगी तथा आर्थिक एवं सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद विजय बघेल उपस्थित रहे। उनके साथ पूर्व विधायक अवधेश चंदेल, विजय सिन्हा, हर्षवर्धन तिवारी, राजेंद्र शर्मा, अंजु बघेल, युगल देवांगन सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।

अपने संबोधन में सांसद विजय बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होना देश के विकास और जनकल्याण के प्रति समर्पण का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि देश की 140 करोड़ जनता ने लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर विश्वास व्यक्त किया है, जो उनकी कार्यशैली, दूरदर्शिता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में आधारभूत संरचना, शिक्षा, कृषि, सहकारिता, स्वास्थ्य एवं सड़क निर्माण जैसे क्षेत्रों में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। देश में विकास और सुशासन की नई व्यवस्था स्थापित हुई है, जिसका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।

सांसद बघेल ने बताया कि बेमेतरा बायपास परियोजना के लिए उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के समक्ष प्रस्ताव रखा था, जिसके परिणामस्वरूप यह महत्वपूर्ण परियोजना स्वीकृत होकर धरातल पर उतर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में भी विकास कार्यों को निरंतर गति मिल रही है तथा केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।

कार्यक्रम के अंत में विजय सिन्हा ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के सैकड़ों पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here