थानखम्हरिया। साजा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम परसबोड़ में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने अग्निवीर योजना के अंतर्गत चयनित युवा शिवम साहू के निवास पहुंचकर उनसे मुलाकात की तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
शिवम साहू, पिता राजकुमार साहू, का चयन भारतीय सेना की अग्निवीर योजना के तहत हुआ है। उन्हें प्रशिक्षण के लिए नासिक केंद्र आवंटित किया गया है। 27 अप्रैल 2026 को उनका चयन सुनिश्चित होने के बाद परिवार एवं ग्रामवासियों में हर्ष का माहौल है। ग्रामीणों ने शिवम की इस उपलब्धि को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
इस अवसर पर सांसद विजय बघेल ने कहा कि देश सेवा का अवसर प्राप्त होना किसी भी युवा के लिए गौरव और सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी राष्ट्र निर्माण और देश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। शिवम साहू का चयन क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी सेना में भर्ती होकर राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करेगा।
साजा विधायक ईश्वर साहू ने भी शिवम साहू को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा कहा कि युवाओं की ऐसी उपलब्धियां पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाती हैं।
इस अवसर पर संजीव तिवारी, हर्षवर्धन तिवारी, केशव पटेल, सोनू पटेल, परमेश्वर वर्मा, नागेश्वर वर्मा, सूरज राजपूत, छत्रपाल वर्मा, नेतराम साहू सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।




