Home छत्तीसगढ़ प्रगति पथ यात्रा के तहत जनसंपर्क, केंद्र सरकार के 12 वर्षों की...

प्रगति पथ यात्रा के तहत जनसंपर्क, केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियां गिनाईं

4
0

 

ब्यूरो चीफ : अनिल सिंघानिया

थानखम्हरिया। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित “प्रगति पथ यात्रा” के तहत ग्राम आनंदगांव में विशेष जनसंपर्क कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक अवधेश चंदेल, हर्ष तिवारी, संजीव तिवारी, नीलू राजपूत, रविंद्र नायक, सुखीराम सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक अवधेश चंदेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में देश को विकास की नई दिशा प्रदान की है। उन्होंने बताया कि 5 जून से 21 जून तक पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से वृक्षारोपण अभियान भी चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल जनसंपर्क यात्रा के माध्यम से आम जनता, किसानों एवं प्रबुद्धजनों से भेंट-मुलाकात कर केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं।

सांसद विजय बघेल ने अपने संबोधन में कहा कि “प्रगति पथ यात्रा” का उद्देश्य जनता के विश्वास को और अधिक मजबूत करते हुए विकास एवं जनहित के कार्यों को गति देना है। उन्होंने कहा कि दुर्ग लोकसभा क्षेत्र की सभी विधानसभा क्षेत्रों में लगातार जनसंपर्क कर लोगों से संवाद स्थापित किया जा रहा है।

सांसद बघेल ने कहा कि वर्ष 2014 में देशवासियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर विश्वास जताते हुए भारतीय जनता पार्टी को पूर्ण बहुमत दिया था। इसके बाद देश में अनेक ऐतिहासिक एवं साहसिक निर्णय लिए गए, जिनमें तीन तलाक की समाप्ति, शिक्षा व्यवस्था में सुधार तथा बुनियादी सुविधाओं के विस्तार जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने कार्यकाल में अद्भुत कार्यक्षमता, दूरदर्शिता एवं समर्पण का परिचय दिया है, जिसके परिणामस्वरूप भारत आज विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में तेजी से अपनी पहचान मजबूत कर रहा है।

राष्ट्रीय सुरक्षा के विषय में सांसद विजय बघेल ने कहा कि देश की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और भारत हर चुनौती का मजबूती से सामना करने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित सर्वोपरि है तथा देश की जनता सरकार के साथ मजबूती से खड़ी है।

किसानों को संबोधित करते हुए सांसद बघेल ने प्राकृतिक एवं जैविक खेती अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग से भूमि की उर्वरता प्रभावित हो रही है। ऐसे में किसानों को जैविक एवं प्राकृतिक खेती की ओर बढ़ना चाहिए, जिससे भूमि की गुणवत्ता एवं पर्यावरण दोनों का संरक्षण सुनिश्चित हो सके।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, किसान एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here