Home छत्तीसगढ़ जन-जन तक पहुंच रहा है सुशासन और विकास का संकल्प : विधायक...

जन-जन तक पहुंच रहा है सुशासन और विकास का संकल्प : विधायक दीपेश साहू

15
0

 

तीन दिवसीय वृहद पंजीयन शिविर के दूसरे दिन विधायक दीपेश साहू हुए शामिल, सैकड़ों हितग्राहियों ने लिया योजनाओं का लाभ

बेमेतरा/- प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में संचालित “विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” अभियान के तहत बेमेतरा जिले में आयोजित तीन दिवसीय वृहद पंजीयन शिविर के दूसरे दिन बेमेतरा विधायक दीपेश साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं और सुशासन व विकास का संकल्प अब धरातल पर दिखाई दे रहा है।

जिला मुख्यालय स्थित टाउन हॉल में आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने पहुंचकर विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा पात्र हितग्राहियों ने मौके पर ही पंजीयन कराकर शासन की योजनाओं का लाभ लिया। शिविर में दस्तावेजों का परीक्षण, आवेदन प्रक्रिया, त्रुटि सुधार तथा विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं के निराकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक दीपेश साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए देश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य केवल घोषणा करना नहीं, बल्कि प्रत्येक पात्र नागरिक तक उसका लाभ सुनिश्चित करना है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना से लाखों परिवारों को पक्का मकान, आयुष्मान भारत योजना से स्वास्थ्य सुरक्षा, उज्ज्वला योजना से स्वच्छ ईंधन तथा जल जीवन मिशन के माध्यम से घर-घर पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। इन योजनाओं ने आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया है।

विधायक श्री साहू ने कहा कि “विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” अभियान के अंतर्गत आयोजित यह शिविर सरकार और जनता के बीच सीधे संवाद का सशक्त माध्यम है। इससे लोगों को विभिन्न कार्यों के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है, बल्कि एक ही स्थान पर पंजीयन, दस्तावेज सुधार एवं समस्याओं के निराकरण की सुविधा मिल रही है।

उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों एवं कार्यकर्ताओं से सेवा भाव के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचकर उन्हें योजनाओं की जानकारी दें तथा लाभ दिलाने में सहयोग करें। साथ ही नागरिकों से भी अपील की कि वे शासन की योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर पात्रतानुसार लाभ लें तथा अन्य जरूरतमंद लोगों को भी इन योजनाओं से जोड़ने में सहयोग करें।
शिविर में नए पंजीयन, दस्तावेजों में त्रुटि सुधार, लंबित प्रकरणों के निराकरण तथा विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं के समाधान की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

इस अवसर पर वरिष्ठ नेता महेश साहू, शहर मंडल अध्यक्ष युगल देवांगन, राजू देवांगन, पार्षद गौरव साहू, महामंत्री संदीप साहू, रोहित साहू, नगर पालिका सीएमओ नरेश वर्मा, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here